नशे की लत छोड़ना हुआ आसान! जयपुर में शुरू हुआ ATF, अब इलाज और दवाइयाँ दोनों बिल्कुल मुफ्त

Jaipur Addiction Treatment Facility: जो लोग अपनी नशे की लत से परेशान हैं, उनके लिए एक अच्छी खबर है। जयपुर के सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज से जुड़े राजकीय मनोचिकित्सा केंद्र में Addiction Treatment Facility (ATF) की शुरुआत हो चुकी है। यहाँ नशे की आदत से परेशान मरीजों को इलाज और लगभग सभी जरूरी दवाईयाँ मुफ्त में मिलेंगी। बाहर से ना कोई दवा खरीदनी होगी और न ही कोई इलाज लेना पड़ेगा।
मुफ्त मिलेगा इलाज और दवाईयाँ
यह सुविधा केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से शुरू की गई है। दरअसल, इस नशा मुक्ति केंद्र में लम्बे समय से 20 से 45 वर्ष की उम्र के शराब, ड्रग्स, गांजा, तम्बाकू, बीडी आदि चीज़ों का नशा करने वाले लोग आते रहे हैं, जो अपनी लत को छोड़ना चाहते हैं। केंद्र में काउंसलिंग और इलाज तो फ्री में होता था, लेकिन दवाईयाँ ज़्यादातर बाहर से खरीदनी पड़ती थी। इसी ज़रुरत को देखते हुए केंद्र सरकार ने यह सुविधा शुरू की है। साथ ही, एम्स से जुड़े नेशनल ड्रग डिपेंडेंस ट्रीटमेंट सेंटर, गाजियाबाद द्वारा दवाईयों की आपूर्ति की जाएगी।
परिजनों की भी होगी काउंसलिंग
पहले मरीज़ की जांच, भर्ती और काउंसलिंग मुफ्त थी, लेकिन दवाईयाँ सीमित थी। अब ना सिर्फ मुफ्त दवाईयां मिलेंगी, बल्कि मरीजों के साथ-साथ परिजनों की भी काउंसलिंग की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति फिर से नशा नहीं करे।
नशा मुक्ति केंद्र में आने वाले हर मरीज़ की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। नोडल अधिकारी डॉ. धर्मदीप सिंह ने कहा कि इस सुविधा का मकसद लोगों को बिना झिझक सरकारी सुविधा का लाभ दिलाना है। अब लोगों को इलाज और दवाईयाँ एक ही जगह पर मिलने से उन्हें भटकना नहीं पड़ेगा और ना ही पैसों की दिक्कत बीच में आएगी।
अगर आप भी या आपके आसपास कोई व्यक्ति नशे का आदि है या मानसिक तनाव से गुज़र रहा है, तो 14416 नंबर पर कभी भी कॉल करके मुफ्त परामर्श ले सकते हैं।
इस लिंक को शेयर करें

