होम/international/earthquake-in-philippines-7-point-8-intensity-tsunami-alert-in-japan-indonesia

7.8 तीव्रता के भूकंप से थर्रा उठी फिलीपींस की धरती, कई मकान जमींदोज, एक की मौत, अब जापान समेत 4 देशों में सुनामी का अलर्ट

7.8 तीव्रता के भूकंप से थर्रा उठी फिलीपींस की धरती, कई मकान जमींदोज, एक की मौत, अब जापान समेत 4 देशों में सुनामी का अलर्ट
अंतरराष्ट्रीय
08 Jun 2026, 10:24 am
रिपोर्टर : ज्योति शर्मा

Earthquake in Philippines: फिलीपींस में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने तबाही मचा दी। भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप के जनरल सैंटोस शहर के पास बताया गया है। सुबह 5 बजकर 7 मिनट पर ये भूकंप आया। फिलीपींस के भूकंप संस्थान के मुताबिक भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किमी नीचे गहराई में था, जबकि अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने 55 किलोमीटर गहराई को केंद्र बताया है। झटके इतने तेज थे कि कई मकानों को नुकसान पहुंचा। वहीं एक व्यक्ति की मौत की खबर भी सामने आई है। साथ ही 200 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। सबसे बड़ी चिंता अब सुनामी को लेकर है। पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने फिलीपींस, इंडोनेशिया, जापान और मलेशिया के तटीय इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है।

3 मीटर तक ऊंची लहरों का अलर्ट

प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र (PTWC) ने आशंका जताई कि फिलीपींस के कुछ तटीय इलाकों में 1 से 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। वहीं इंडोनेशिया और मलेशिया के कुछ तटीय क्षेत्रों में 1 मीटर तक की सुनामी लहरों का खतरा बताया गया है। चेतावनी के बाद प्रशासन ने तटीय इलाकों के निवासियों को ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी।

स्थानीय मीडिया और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की रिपोर्ट के मुताबिक भूकंप के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। कई इमारतें जमींदोज हो गईं हैं। इन इमारतों में मकान, अस्पताल, स्कूल, ऑफिस, प्रतिष्ठान शामिल हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स में एक व्यक्ति की मौत की जानकारी सामने आई थी, जबकि बाद में स्थानीय पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई। राहत और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात कर दिए गए हैं।

रिंग ऑफ फायर में शामिल फिलीपींस

विशेषज्ञों का कहना है कि फिलीपींस प्रशांत महासागर के "रिंग ऑफ फायर" क्षेत्र में स्थित है, जहां भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियां आम हैं। इसी वजह से देश अक्सर बड़े भूकंपों और उनसे जुड़े सुनामी खतरों का सामना करता है। भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए हैं और अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने तथा केवल आधिकारिक चेतावनियों पर भरोसा करने की अपील की है।

क्या है रिंग ऑफ फायर., कौन से देश हैं शामिल

रिंग ऑफ फायर (Ring of Fire) वो जोन है जिसमें धरती के भूकंप संवेदनशील देश आते हैं। इनमें कुल 8 देश शामिल हैं। ये प्रशांत महासागर (Pacific Ocean) के चारों ओर फैला एक विशाल भूगर्भीय क्षेत्र है, जहां दुनिया के सबसे अधिक भूकंप और सक्रिय ज्वालामुखी पाए जाते हैं। ये लगभग 40,000 किलोमीटर लंबा घोड़े की नाल (Horseshoe) जैसा इलाका है। इस क्षेत्र में पृथ्वी की कई टेक्टोनिक प्लेटें आपस में टकराती, खिसकती या एक-दूसरे के नीचे धंसती हैं। इसी वजह से यहां बार-बार भूकंप, सुनामी और ज्वालामुखी विस्फोट होते हैं। दुनिया के 90% भूकंप इसी क्षेत्र में आते हैं। दुनिया के करीब 75% सक्रिय ज्वालामुखी रिंग ऑफ फायर में स्थित हैं। इस जोन में फिलीपींस, इंडोनेशिया, जापान, पपुआ न्यू गिनी, न्यूजीलैंड, ताइवान, पूर्वी रूस, ,हिमालयी क्षेत्र आते हैं।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.