पाकिस्तान में ही फैला आतंक! जैकेट पहनकर Suicide Bomber फटा, शांति रैली के बीच 17 की मौत

Pakistan Suicide Bombing in Khyber Pakhtunkhwa: आपने अक्सर सुना होगा कि आग से खेलने वाले खुद भी उसी आग से ज़ख़्मी हो जाते हैं, लेकिन इसका जीता जागता उदाहरण पाकिस्तान से सामने आया है। भारत के खिलाफ आतंकवाद को सहारा देने वाले पाकिस्तान के ही खैबर पख्तूनख्वा के स्वात में एक आत्मघाती हमले में कई लोगों की जान चली गई। हमले में अब तक कुल 17 लोगों की मौत हो चुकी है।
धमाका स्वात के काबल इलाके में उस वक़्त हुआ, जब स्थानीय नागरिक इलाके में शांति की मांग को लेकर 'स्वात शांति रैली' निकाल रहे थे। इसी भीड़ को पार करते हुए एक आदमी काबल के पुलिस स्टेशन की तरफ बढ़ा। जब पुलिस वालों ने उसे स्टेशन के अन्दर घुसने से रोका और उसकी तलाशी लेने की कोशिश की, तो उसने पुलिस स्टेशन के बाहर ही सुसाइड बोम्बिंग वाली जैकेट में ब्लास्ट कर लिया।
प्रशासन की कार्रवाई और जांच
ताजा रिपोर्ट के अनुसार, हमले में मारने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है, जिसमें 7 पुलिसकर्मी और 10 आम नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा, 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत सैदु शरीफ अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। स्वात जिला पुलिस के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इलाके की घेराबंदी करके सबूत जुटाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
TTP ने ली ज़िम्मेदारी
हमले की ज़िम्मेदारी एक स्थानीय आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने ली है। खबर है कि स्थानीय लोग इसी आतंकवादी ग्रुप के खिलाफ रैली निकाल रहे थे, इसलिए अपनी ताकत दिखाने के लिए उन्होंने यह हमला किया है।
आधिकारिक प्रतिक्रिया
पाकिस्तान के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और मृतकों और पीड़ितों के परिवारों के लिए अपनी संवेदना व्यक्त की है। सुरक्षा बालों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
इस लिंक को शेयर करें

