जयपुरिया अस्पताल पहुंची डिप्टी CM दीया कुमारी, वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण

Jaipur: प्रदेश की डिप्टी CM और महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने रविवार को जयपुरिया अस्पताल स्थित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली।

उप मुख्यमंत्री ने वन स्टॉप सेंटर पर मौजूद पीड़ित महिला से उसकी समस्या के संबंध में विस्तार से जानकारी ली तथा उसे उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं सेवाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने वन स्टॉप सेंटर पर पूर्व में दर्ज मामलों की भी जानकारी ली और संबंधित मामलों में पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई गई सहायता और वर्तमान स्थिति के संबंध में फीडबैक लिया।
उन्होंने केंद्र में संधारित रिकॉर्ड, व्यवस्थाओं एवं विभिन्न सेवाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त महिला अधिकारिता राकेश राजोरिया, उप निदेशक कुंतल बिश्नोई, डॉ. राजेश डोगीवाल, सुनीता मीणा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर पर आने वाली पीड़ित महिलाओं को सुरक्षा, परामर्श, चिकित्सा, विधिक सहायता सहित आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाली प्रत्येक पीड़ित महिला की समस्या को संवेदनशीलता से सुनते हुए उसे आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।
इस लिंक को शेयर करें

