गोविंद देवजी मंदिर में अचानक मची भगदड़! खुली सुरक्षा व्यवस्था की पोल, Fire System और Announcement System भी फेल

Govind Devji Temple Mock Drill: मंगलवार करीब साढ़े 11 बजे जयपुर के आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में अचानक भगदड़ मच गयी। भगदड़ की खबर मिलते ही मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं में हडकंप मच गया। खबर मिलते ही तुरंत पुलिस, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और बचाव दल की टीम मौके पर पहुंची और करीब 45 मिनट तक राहत और बचाव कार्य किया।
मंदिर सुरक्षा में सामने आई खामियाँ
दरअसल, यह पूरी कार्रवाई एक मॉकड्रिल का हिस्सा थी। मॉकड्रिल करीब ढाई घंटे चली, जिसमें पुलिस और बचाव दल ने जाँच की कि अगर कभी मंदिर में भगदड़ या आग लगने जैसी आपात स्थिति बन जाती है, तो उससे निपटने के लिए मंदिर में क्या तैयारियां की गयी हैं। ड्रिल के दौरान बचाव दल ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की भी जाँच की, जिसमें कई गंभीर खामियां सामने आईं।
मंदिर का फायर सिस्टम ठप
मॉकड्रिल के दौरान सामने आया कि मंदिर का फायर फाइटिंग सिस्टम काम ही नहीं कर रहा है। पानी के लिए हाइड्रेंट के वॉल्व खोलने पर पानी का प्रेशर नहीं बना, जबकि पंप हाउस भी बंद मिला। इसके अलावा इमरजेंसी की स्थिति बनने पर लोगों को अलर्ट करने वाला अनाउंसमेंट सिस्टम भी काम नहीं कर रहा था।
जब मन्दिर के सायरन सिस्टम की जांच की गयी, तो चार में से सिर्फ तीन हूटर चालू मिले। इसी दौरान पुलिस, चिकित्सा, नागरिक सुरक्षा और फायर ब्रिगेड की टीमों के बीच भी तालमेल की कमी सामने आई।
गोविन्द देवजी मंदिर के पास नहीं फायर NOC
जांच में यह भी सामने आया कि गोविंददेवजी मंदिर के पास ज़रूरी फायर एनओसी ही नहीं है और मामूली सुरक्षा व्यवस्था के इन्तेजाम भी अधूरे पड़े हुए हैं। मॉकड्रिल के नतीजे देखने के बाद पुलिस ने मंदिर प्रबंधन को जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन अब मंदिर के नक्शे और मॉकड्रिल में सामने आई खामियों की समीक्षा करेगा और पुलिस के साथ मिलकर आपातकालीन सुरक्षा के लिए एक ठोस प्लान तैयार करेगा।
इस लिंक को शेयर करें

