गहलोत ने सीने पर खाईं वॉटर कैनन की बौछारें, चुनाव आयोग पहुंचने से पुलिस ने रोका कांग्रेस का मार्च?

जयपुर में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान कुछ ऐसे तस्वीरें सामने आईं, जो अब चर्चा में हैं..चलती वॉटर कैनन... सामने खड़े पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा..पानी की तेज बौछार के बावजूद दोनों नेता अपनी जगह से हटते नजर नहीं आए। इन तस्वीरों को कांग्रेस समर्थक अपने-अपने तरीके से देख रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि उम्र के इस पड़ाव पर भी दोनों नेता सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं और पुलिस की कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।
डोटासरा-जूली की जोड़ी भी प्रदर्शन में सुपरहिट
लेकिन जयपुर के इस प्रदर्शन में सिर्फ गहलोत और रंधावा ही नहीं...एक और जोड़ी लगातार सुर्खियों में रही। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली। दोनों नेता भी वॉटर कैनन की बौछार के सामने डटे दिखाई दिए। पुलिस की बैरिकेडिंग के सामने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ थी... और इसी दौरान हालात ऐसे बने कि पुलिस को वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
दरअसल, कांग्रेस ने जयपुर के शहीद स्मारक से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च का ऐलान किया था। पार्टी का प्रदर्शन कथित ‘वोट चोरी’, SIR और मतदाता सूची से जुड़े सवालों को लेकर था। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।
हिरासत में लिए गए सभी नेता
लेकिन जब मार्च चुनाव आयोग कार्यालय की तरफ बढ़ा तो रास्ते में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद धक्का-मुक्की हुई... नारेबाजी हुई. और फिर पुलिस ने वॉटर कैनन चला दी। इन तस्वीरों में एक तरफ गहलोत और रंधावा वॉटर कैनन के सामने नजर आए...तो दूसरी तरफ डोटासरा और जूली भी बौछारों के बीच प्रदर्शन करते दिखाई दिए। प्रदर्शन के बाद गहलोत, डोटासरा, जूली और रंधावा समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
ऐसे में जयपुर के इस प्रदर्शन में सबसे ज्यादा चर्चा अब उन तस्वीरों की है, जिनमें कांग्रेस के चार बड़े चेहरे—गहलोत, रंधावा, डोटासरा और जूली—वॉटर कैनन के सामने दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस के लिए ये तस्वीरें संघर्ष और विरोध का संदेश हैं, जबकि पूरे घटनाक्रम ने चुनाव आयोग को लेकर चल रही राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।
इस लिंक को शेयर करें

