अपनी ही गाड़ी चोरी दिखाकर 11.80 लाख का फर्जी इंश्योरेंस क्लेम! जयपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया

Jaipur Insurance Fraud: जयपुर पुलिस ने दो लोगों को अपनी ही गाड़ी को चोरी करके झूठा इंश्योरेंस क्लेम उठाने के मामले में गिरफ्तार किया है। वैशाली नगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी मामले में लोकेन्द्र सिंह धाकड़ और हितेश कुमावत को गिरफ्तार किया जो खुद की ही कार को चोरी हुई बताकर बीमा कंपनी से करीब 11.80 लाख रुपये हड़प चुके थे।
जानकारी के मुताबिक, मार्च 2025 में आरोपी लोकेंद्र सिंह धाकड़ ने अपनी कार को अपने दोस्त रोहित के आगरा स्थित खाली प्लॉट में छिपा दी और जयपुर के शिवदासपुरा थाने में अपनी कार चोरी होने की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसके बाद लोकेन्द्र ने इन्श्योरेंस कंपनी से क्लेम पास कराकर 11.80 लाख रुपये हड़प लिए।
लेकिन इन्श्योरेंस क्लेम करने के बाद आरोपी को डर था कि उसकी गाडी कहीं पकड़ी ना जाए, इसलिए उसने सबूत मिटाने की कोशिश की। लोकेन्द्र ने गाड़ी पर से नंबर प्लेट हटाकर कार को खातीपुरा इलाके में एक गैराज में ले गया और कार को कटवाने और पुर्जे अलग करवाने लगा।
लेकिन इसी दौरान स्थानीय पुलिस को भी खबर मिल गयी कि खातीपुरा गैराज में एक संदिग्ध गाडी लायी गयी है। इनपुट के आधार पर वैशाली नगर पुलिस की टीम ने गुरुवार को गैराज में छापेमारी कर गाड़ी बरामद की और लोकेंद्र सिंह धाकड़ और उसके साथी हितेश कुमावत को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने पूरा मामला कबूल कर लिया।
थानाधिकारी आरती सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
इस लिंक को शेयर करें

