जलमहल झील में युवक के कूदने से मचा हड़कंप! 5 घंटे चला रेस्क्यू, नहीं मिला कोई सुराग

जयपुर: बुधवार देर रात जलमहल झील में एक युवक के कूदने की खबर से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना रात करीब 10:15 बजे की है, जब जलमहल की पाल पर मौजूद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि एक युवक पानी में कूद गया है। सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी थाना पुलिस के साथ SDRF और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और झील में तलाश शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात पजामा-टीशर्ट पहने एक युवक पाल पर आया और इधर-उधर घूमने लगा और कुछ देर बाद उसने अचानक झील में छलांग लगा दी। लोगों ने बताया कि छलांग लगाने के बाद कुछ देर बाद तक पानी में डूब रहे युवक के हाथ दिखाई दे रहे थे, लेकिन फिर वह नजर नहीं आया। घटना के बाद जलमहल की पाल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
रेस्क्यू टीमों ने नाव और अन्य संसाधनों की मदद से करीब 5 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन झील से किसी व्यक्ति की बॉडी या कोई अन्य सुराग नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू टीम और सिविल डिफेंस ने देर रात तक पानी में युवक की तलाश की, लेकिन कुछ भी हाथ नहीं लगा।
फ़िलहाल, टीम ने पानी में तलाश रोक दी है। इसके पीछे उनका कहना है कि संभव है कि युवक पानी में नहीं है और कहीं और से बाहर निकल चुका है। और अगर युवक पानी में डूब चुका है, तो कुछ समय बाद उसका शव फूलकर ऊपर तैर जाएगा।
अब पुलिस यह भी जाँच कर रही है कि युवक वास्तव में झील में कूदा था या नहीं। साथ ही, घटना की खबर देने वाले प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक कौन था और क्या वह वास्तव में झील में कूदा था।
फिलहाल रेस्क्यू टीम को झील में किसी व्यक्ति के होने की संभावना कम लग रही है। हालांकि परिस्थितियों के आधार पर दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाने का फैसला किया जाएगा।
इस लिंक को शेयर करें

