जयपुर में दोस्तों ने ही पैर तोड़े और बाइक लूटकर हुए फ़रार!

जयपुर के करणी विहार थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ उसके ही दोस्तों ने मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। हमलावरों ने डंडों से पीटकर युवक के दोनों पैर तोड़ दिए और उसकी बाइक छीनकर फरार हो गए।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, पांच्यावाला निवासी राजेश मेहरा ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उनके बेटे मिथलेश के साथियों ने उस पर हमला कर उसे लूट लिया। शनिवार की शाम करीब 6:30 बजे मिथलेश कनकपुरा रेलवे स्टेशन स्थित श्मशान घाट के पास से बाइक पर घर लौट रहा था। तभी उसके जानकार साथियों मयंक और युवराज ने कुछ और लोगों के साथ मिलकर उसे बीच रास्ते में रोक लिया।
आरोपियों ने पहले तो मिथलेश के साथ जमकर मारपीट की, फिर डंडों से मार-मारकर उसके दोनों पैर तोड़ दिए। हमला करने के बाद आरोपी उसकी बाइक छीन कर फरार हो गए। युवक के घायल होने की सूचना मिलने पर उसे जैसे-तैसे अस्पताल पहुंचाया गया।
शिकायत पर करणी विहार थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है। शुरूआती कार्रवाई में मयंक और युवराज समेत उनके अन्य साथियों पर लूट और मारपीट का आरोप है।
पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।
इस लिंक को शेयर करें

