मेट्रो फेज-2 के लिए CM भजनलाल शर्मा ने किया भूमि पूजन, जनिए कहां और कौन-कौन से बनेंगे स्टेशन

Jaipur Metro Phase-2: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो फेज-2 का भूमि पूजन किया, उन्होंने कहा कि ये परियोजना जयपुर के लाखों नागरिकों के लिए तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का आधार बनेगी और राजधानी के विकास को नई गति प्रदान करेगी। पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विकसित राजस्थान और विकसित भारत के विजन को तेज रफ्तार से साकार कर रही है।
सीतापुरा स्थित मेट्रो डिपो साइट पर ये भूमि पूजन कार्यक्रम हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल से स्वीकृत 13,037.66 करोड़ की लागत वाली ये 41 किलोमीटर लंबी नॉर्थ–साउथ मेट्रो लाइन प्रह्लादपुरा से टोड़ी मोड़ तक विकसित की जाएगी, जिसमें 36 मेट्रो स्टेशन होंगे। ये परियोजना केवल मेट्रो विस्तार नहीं, बल्कि विकसित जयपुर और विकसित राजस्थान के विजन को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
कौन-कौन से होंगे स्टेशन
मेट्रो फेज-2 राजधानी के प्रमुख क्षेत्रों—सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, VKI, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, SMS अस्पताल-स्टेडियम, अंबाबाड़ी और विद्याधर नगर—को जोड़ेगा। एयरपोर्ट क्षेत्र में भूमिगत स्टेशन भी बनाए जाएंगे। साथ ही ये कॉरिडोर मौजूदा 11.64 किलोमीटर लंबे मेट्रो फेज-1 से इंटरचेंज और फीडर सिस्टम से जुड़ेगा। इससे पूरे शहर में एकीकृत मेट्रो नेटवर्क तैयार होगा। वर्तमान में फेज-1 पर प्रतिदिन लगभग 60 हजार यात्री सफर करते हैं और फेज-2 शुरू होने के बाद इस संख्या में खासी बढ़ोतरी होने उम्मीद जताई जा रही है।

पहले चरण में होंगे 10 स्टेशन
बता दें कि फेज-2 का काम 4 चरणों में पूरा किया जाना है। हालांकि इसकी शुरुआत टोंक रोड कॉरिडोर से होगी। पहले चरण में प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गौशाला के बीच जो 10 स्टेशन प्रस्तावित हैं, वो हैं प्रहलादपुरा, मानपुरा, बिलवा कलां, बिलवा, गोनेर मोड़, सीतापुरा, JECC, कुंभा मार्ग, हल्दीघाटी गेट, पिंजरापोल गौशाला।
फेज-2 के पहले हिस्से का सबसे बड़ा असर सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, JECC, टोंक रोड बेल्ट और दक्षिण जयपुर के तेजी से विकसित हो रहे आवासीय इलाकों पर पड़ेगा। इससे रोजाना हजारों कर्मचारी, छात्र और यात्रियों को फायदा मिलेगा।
वहीं प्रहलादपुरा से पिंजरापोल तक का कॉरिडोर खास तौर पर टोंक रोड के ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। आगे के चरण पूरे होने पर यह लाइन उत्तर जयपुर और दक्षिण जयपुर के बीच यात्रा को काफी आसान बना सकती है।
ये भी पढ़ें- टोंक रोड में जाम से मिलेगी निज़ात, दो घंटे की दूरी आधे घंटे में होगी पूरी, जानिए जयपुर मेट्रो फेज़-2 की खास बातें
इस लिंक को शेयर करें

