गर्म दूध नहीं लाने पर SI का कहर! पहलवान का डम्बल से फोड़ा सिर, FIR दर्ज

Jaipur SI Assault Case: ताकत का नशा चढ़ने पर रक्षक को भक्षक बनते देर नहीं लगती। इसी नशे में पुलिस वाले भी अपनी ताकत के दम पर दरिंदगी पर उतर आते हैं। जयपुर पुलिस के एक SI ने एक पहलवान पर हमला कर डम्बल से उसका सिर सिर्फ इसलिए फोड़ दिया क्योंकि पहलवान ने उसे गर्म दूध नहीं लाकर दिया था। एसआई ने पहलवान का सिर फोड़ा, उसका गला दबाया, लात-घूंसे मारे और कहा कि अगर यहाँ रहना है, तो ये सब करना होगा।
पहलवान मुकेश जाट ने SI देशराज के खिलाफ रविवार को कोतवाली थाने में FIR दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक, घटना रविवार की देर रात 12:30 बजे की है। रिपोर्ट के मुताबिक, मुकेश गणगौरी गेट पर पीली का अखाडा में रहकर कुश्ती खेलता है। रविवार देर रात जयपुर ग्रामीण पुलिस लाइन में तैनात एसआई देशराज अखाड़े पर आया, जहाँ मुकेश सो रहा था। देशराज ने मुकेश के लात मारी और गाली-गलौच करते हुए उसे गर्म दूध लाने को कहा।
जब मुकेश ने इसका विरोध किया और दूध लाने से मना किया, तो देशराज ने उसका गला दबाकर कहा – अगर यहाँ रहना है तो ये सब काम करने पड़ेंगे। मना करने पर उसने मुकेश को थप्पड़, लात-घूंसे मारे। अपना बचाव करने पर देशराज ने पास पड़े डम्बल से मुकेश का सिर फोड़ दिया। मुकेश ज़ख़्मी होकर गिर पड़ा, फिर भी आरोपी नहीं रुका और वह मुकेश को लगातार पीटता रहा।
हल्ला होने पर अखाड़े के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया और मुकेश को बचाया। थाने पहुँचने के बाद पुलिस ने घायल मुकेश को अस्पताल में भर्ती करवाकर उसका इलाज करवाया।
स्थानीय SHO राजेश गौतम ने बताया कि आरोपी देशराज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी और पीड़ित दोनों एक ही जगह रहते थे। संभव है कि आपसी मतभेद के चलते यह घटना हुई हो। FIR के आधार पर पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
इस लिंक को शेयर करें

