जयपुर में तेज रफ्तार Thar का कहर! स्कूटी सवार बुजुर्ग को 50 मीटर तक घसीटा, मौत

राजधानी जयपुर में तेज़ रफ़्तार थार का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार 21 अगस्त को मालवीय नगर इलाके में एक तेज रफ्तार थार ने स्कूटी पर जा रहे एक 62 साल के बुज़ुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसा सरस पुलिया के पास हुआ, जहां थार की टक्कर के बाद बुजुर्ग उछलकर सड़क पर जा गिरे और लगभग 50 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में उन्हें काफी गंभीर चोटें आई थीं। थार चालक गाडी को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
टक्कर के बाद थार भी बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगे खंभे से टकराकर उसे तोड़ते हुए आगे निकल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को खबर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर बुज़ुर्ग को बचाने की कोशिश की, लेकिन चोटें काफी गंभीर होने की वजह से दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान छाजू सिंह के रूप में हुई है। वह दौसा के प्रेमपुरा के रहने वाले थे और फिलहाल झालाना डूंगरी में एक हॉस्टल में गार्ड की नौकरी कर रहे थे। छाजू सिंह की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। इसलिए शुक्रवार सुबह वह दवाई लेने जयपुरिया अस्पताल जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
पुलिस ने मौके से दुर्घटनाग्रस्त थार को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद वाहन चालक तुरंत ही मौके से फरार हो गया। मालवीय नगर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गाडी के नंबर की मदद से आरोपी की पहचान करने और घटना की पूरी स्थिति को समझने की कोशिश में लगी हुई है।
इस लिंक को शेयर करें

