अवैध निर्माण के चलते लगी आग? जयपुर के मणिहारों का कटला में लगी आग पर 8 घंटे बाद काबू, 25 दुकानें जलीं
जयपुर के त्रिपोलिया बाजार स्थित मणिहारों का कटला के सेठी कॉम्प्लेक्स में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। जिसे अब करीब 8 घंटे बाद बुझाया जा सका। आग सुबह करीब 7 बजे लगी, जिसने देखते ही देखते कॉम्प्लेक्स की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में करीब 25 दुकानें आई हैं। आग की लपटों और धुएं के चलते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
लेकिन स्थानीय दुकानदार का कहना है कि सेठी कॉम्प्लेक्स के मालिक आनंद सेठी अवैध रूप से बिल्डिंग के ऊपर अवैध निर्माण कराकार एक होटल और रेस्टोरेंट खोल रहे हैं। इस निर्माण में वेल्डिंग का काम भी होता है। जो कि इतनी घने इलाके में होना खतरों से भरा है। इसका विरोध कई बार स्थानीय लोग और दुकानदारों ने किया लेकिन कोई सुनवाई और कोई फायदा नहीं हुआ।
निगम और JDA को दी रिश्वत
आनंद सेठी पर स्थानीय दुकानदारों ने ये भी आरोप लगाया है कि आनंद सेठी ने इस अवैध निर्माण के लिए नगर निगम और JDA को रिश्वत दी है। इसलिए निगम और JDA ने इस पर सुनवाई नहीं की।
बता दें कि मणिहारों का रास्ता जयपुर के पुराने शहर का पारंपरिक बाजार है, जहां लैकर की चूड़ियों और अन्य कारोबार से जुड़ी दुकानें हैं। इलाका काफी संकरा और घनी आबादी वाला है, जिससे आग बुझाने के दौरान दमकल टीमों को चुनौती का सामना करना पड़ा।
30 दमकल और 50 कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय जानकारी के मुताबिक करीब 30 दमकलों और 50 दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब बजे आग पर काबू पाया गया।
दुकानों में रखा सामान जला
आग से कॉम्प्लेक्स में मौजूद दुकानों को नुकसान पहुंचने की जानकारी है। कई दुकानों में रखा सामान जलने की बात सामने आई है। हालांकि कुल कितने रुपये का नुकसान हुआ है, इसका आधिकारिक आकलन अभी सामने नहीं आया है।
आग में किसी के हताहत होने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। मामले में आग लगने के कारण और नुकसान की जांच की जा रही है।
पुराने जयपुर के बाजारों में आग का जोखिम
जयपुर का त्रिपोलिया बाजार और इसके आसपास का इलाका ऐतिहासिक वॉल्ड सिटी का हिस्सा है। यहां कई बाजार और पारंपरिक कारोबारी गलियां काफी घनी और संकरी हैं।
इस लिंक को शेयर करें

