जयपुर में Zepto के डार्क स्टोर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 25 किलो एक्सपायर्ड सामान नष्ट

राजस्थान सरकार के “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने जयपुर के प्रताप नगर स्थित Zepto के डार्क स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य सामग्री के रखरखाव और स्टोरेज से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं। कार्रवाई के दौरान करीब 25 किलोग्राम अवधिपार खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई।
यह कार्रवाई प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ और आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के नेतृत्व में सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने की।
दूध फैला मिला, दीवारों में मिले चूहों के छेद
निरीक्षण के दौरान स्टोर के मिल्क चिलर में दूध फैला हुआ मिला और वहां से दुर्गंध भी आ रही थी। टीम को स्टोर की दीवारों में चूहों के छेद मिले। वहीं कोल्ड स्टोरेज क्षेत्र में गंदगी के बीच खाद्य और गैर-खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली।
जांच टीम को खाद्य पदार्थों के साथ कीटनाशक स्प्रे की बोतलें भी रखी हुई मिलीं। शेल्फ की सफाई और पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।
वेज के साथ रखे थे फ्रोजन नॉन-वेज प्रोडक्ट
निरीक्षण में पैकेज्ड फ्रोजन नॉन-वेज खाद्य पदार्थों को वेज खाद्य पदार्थों के साथ रखे जाने की बात भी सामने आई। इसके अलावा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उत्पादों की एक्सपायरी डेट प्रदर्शित नहीं करने और कम अवधि में एक्सपायर होने वाले उत्पादों की सप्लाई से जुड़ी शिकायतों की भी जानकारी सामने आई।
इन खाद्य पदार्थों के लिए गए सैंपल
कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने सरसों तेल, मैगी नूडल्स, घी, पीनट नमकीन और हल्दी पाउडर के नमूने लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जारी किया नोटिस
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित फर्म को कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग की ओर से संबंधित फर्म को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में आगे दंडात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।
इस लिंक को शेयर करें

