होम/life style/desk-job-health-risks-silent-health-risk

ऑफिस में घंटों बैठना पड़ सकता है भारी, जानिए क्या है 'साइलेंट हेल्थ रिस्क'

ऑफिस में घंटों बैठना पड़ सकता है भारी, जानिए क्या है 'साइलेंट हेल्थ रिस्क'
लाइफ स्टाइल
04 Jul 2026, 05:38 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

आज के दौर में करोड़ों लोग डेस्क जॉब कर रहे हैं। सुबह से शाम तक कंप्यूटर के सामने घंटों बैठकर काम करना उनकी मजबूरी बन गया है। लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो लंबे समय तक बिना ब्रेक लिए बैठे रहना एक 'साइलेंट हेल्थ रिस्क' बनता जा रहा है।

जानकारों के मुताबिक, लगातार बैठे रहने से शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ सकता है, जिससे मोटापा, टाइप-2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा कमर, गर्दन और कंधों में दर्द जैसी समस्याएं भी तेजी से देखने को मिल रही हैं।

हर घंटे लें मूवमेंट ब्रेक

डॉक्टरों की सलाह है कि हर 30 से 45 मिनट के बाद कम से कम 2 से 5 मिनट के लिए अपनी सीट से उठें और शरीर को एक्टिव रखें। इस दौरान गर्दन, कंधे, पीठ और पैरों की हल्की स्ट्रेचिंग करें।

फोन पर बात करते समय चलते रहें और दोपहर का भोजन करने के बाद 10 से 15 मिनट की वॉक जरूर करें। इससे भोजन पचाने में मदद मिलती है और शरीर का मेटाबॉलिज्म भी बेहतर बना रहता है। दिनभर की छोटी-छोटी शारीरिक गतिविधियां शरीर को एक्टिव और ऊर्जावान बनाए रखती हैं।

खानपान भी निभाता है अहम भूमिका

डेस्क जॉब करने वालों के लिए संतुलित और पौष्टिक भोजन बेहद जरूरी है। नाश्ते में अंडा, पनीर, दही, ओट्स, स्प्राउट्स या मूंग दाल का चीला लेना फायदेमंद माना जाता है।

दोपहर के भोजन में दाल, हरी सब्जियां, सलाद और मल्टीग्रेन रोटी को शामिल करें। शाम को भूख लगने पर चिप्स, नमकीन और मीठे स्नैक्स की बजाय मखाना, भुने चने, फल या ड्राई फ्रूट्स खाना बेहतर विकल्प है।

दिनभर में 3 से 5 लीटर पानी पीने की सलाह दी जाती है। वहीं फास्ट फूड, अधिक तला-भुना और प्रोसेस्ड फूड से दूरी बनाना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है।

इन गलतियों से बढ़ सकता है खतरा

लगातार कई घंटों तक एक ही जगह बैठे रहना, नाश्ता छोड़ना, कम पानी पीना, समय पर भोजन नहीं करना, दिनभर चाय और कॉफी का अधिक सेवन, देर रात तक जागना और शारीरिक गतिविधि की कमी आपकी सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकती है। जानकारों का कहना है कि समय रहते इन आदतों में सुधार करना जरूरी है, ताकि भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचा जा सके।

मानसिक स्वास्थ्य को भी न करें नजरअंदाज

लंबे समय तक स्क्रीन के सामने काम करने से मानसिक थकान, तनाव और आंखों पर दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में नियमित स्क्रीन ब्रेक लें, गहरी सांस लेने का अभ्यास करें, छोटी वॉक करें और रोजाना 7 से 8 घंटे की नींद जरूर लें। इससे शरीर और दिमाग दोनों स्वस्थ रहते हैं।

एक्सपर्ट क्या कहते हैं?

जानकार का कहना है कि "Sit Less, Move More" यानी कम बैठें और ज्यादा चलें स्वस्थ जीवनशैली का सबसे प्रभावी मंत्र है। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त पानी और अच्छी नींद मिलकर शरीर के मेटाबॉलिज्म को सक्रिय रखते हैं। इससे मोटापा, डायबिटीज, हृदय रोग और अन्य लाइफस्टाइल बीमारियों का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है।

कंटेंट- नेहा कुमारी

ये भी पढ़ें- ‘स्लिम’ मां बनने की चाह कहीं ना बन जाए खतरा, जानिए क्या है प्रीगोरेक्सिया?


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.