होम/national/akhilesh-yadav-brother-prateek-yadav-death-yogi-adityanath-react

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, मौत की वजह अब तक साफ नहीं

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, मौत की वजह अब तक साफ नहीं
राष्ट्रीय
13 May 2026, 09:46 am
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

Prateek Yadav Death: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव (38) का निधन हो गया है। बुधवार सुबह 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन डॉक्टर्स ने यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका पोस्टमार्टम हो रहा है तभी मौत का कारण पता चल सकेगा। उनकी पत्नी और बीजेपी नेता अपर्णा यादव पोस्टमार्टम हाउस भी पहुंच चुकी हैं।

CM योगी ने जताया दुख

बता दें कि प्रतीक यादव अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। वे मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना के बेटे थे। प्रतीक यादव के निधन पर सपा में और अखिलेश यादव के परिवार में मातम छा गया है। वहीं यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, 'पद्म विभूषण', स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।“

अखिलेश ने कहा- संवेदनाएं 'परिजनों' के साथ

अखिलेश यादव ने X पर कहा कि, “प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।“

किचन में बेहोश मिले थे प्रतीक

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे जब उन्हें अस्पताल लाया गया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। हैरानी की बात यह है कि प्रतीक अपने घर के किचन में अचेत अवस्था में पाए गए थे। हालांकि, मौत की असली वजह अभी भी एक पहेली बनी हुई है। सिविल अस्पताल के निदेशक डॉक्टर जीपी गुप्ता ने इस मामले में 'सस्पेक्टेड पॉइजनिंग' यानी जहर के असर की आशंका जताई है। अब यह फूड पॉइजनिंग है या कुछ और, इसका खुलासा तो तीन-चार दिनों बाद आने वाली पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगा। फिलहाल डॉक्टरों का एक पैनल किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में जांच कर रहा है।

बता दें कि प्रतीक यादव फिटनेस फ्रीक थे। राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद राजनीति से दूर रहते थे.. उन्होंने फिटनेस इंडस्ट्री में अपना बिजनेस स्थापित किया। उनकी पत्नी अपर्णा यादव उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। पत्नी के बीजेपी ज्वाइन करने पर परिवार में दूरियां बढ़ गईं थीं। इसी साल जनवरी में पति-पत्नी ने तलाक का ऐलान किया था लेकिन कुछ दिन बाद इनकी सुलह हो गई थी।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.