Amazon पर राम मंदिर प्रसाद के नाम पर मिठाई बेचना पड़ा भारी! CCPA ने Amazon पर लगाया ₹1 लाख जुर्माना

Amazon fined for fake Ram Mandir Prasad: अमेजन पर अयोध्या के राम मंदिर का प्रसाद बताकर मिठाइयां बेचने के मामले में केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने सख्त कार्रवाई करते हुए अमेजन पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही, भविष्य में धार्मिक प्रसाद के नाम पर कोई भी प्रोडक्ट बेचने को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं।
क्या है पूरा मामला
मामला जनवरी 2024 में सामने आया था। अमेजन पर ‘बिहार ब्रदर्स’ ब्रांड के तहत चार तरह की मिठाइयां - घी के लड्डू, खोया लड्डू, बूंदी लड्डू और गाय के दूध से बने पेड़े को ‘राम मंदिर प्रसाद’ के नाम से बेचा जा रहा था। लिस्टिंग में धार्मिक तस्वीरों और राम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े दावों का भी इस्तेमाल किया था।
ठगी और धोखाधड़ी के तहत हुई कार्रवाई
जांच में सामने आया कि इन प्रोडक्ट्स की बिक्री के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। चूंकि, मिठाइयाँ बिना मंदिर की परमिशन के राम मंदिर के नाम से बेचीं जा रही थी, इसलिए इस मामले को ठगी और धोखाधड़ी की तरह दर्ज किया गया। प्रकरण में शिकायत दर्ज हुई, मामले की जाँच और कार्रवाई हुई, जिसके बाद अमेजन ने प्रोडक्ट की लिस्टिंग भी अपनी साइट से हटा दी थी।
CCPA के मुताबिक, इन चार प्रोडक्ट्स से विक्रेता की कुल 39,802 रुपये की बिक्री हुई, जबकि अमेजन को इससे लगभग 15,165 रुपये सर्विस फीस के रूप में मिले। शुरुआत में अमेज़न ने खुद को केवल ऑनलाइन मार्केटप्लेस बताते हुए ‘सेफ हार्बर’ के तहत इससे से बचने की कोशिश की, लेकिन जाँच अधिकारियों ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया।
अमेज़न पर जुर्माना और नए आदेश
मामले में प्राधिकरण ने कार्रवाई के तहत अमेज़न पर भी एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही, 2 नए आदेश भी दिए हैं। CCPA का निर्देश है कि अब से धार्मिक प्रसाद के नाम से कोई भी सामान तभी बेचा जा सकेगा, जब संबंधित धार्मिक संस्था की अनुमति मौजूद हो। साथ ही अमेजन को विक्रेता की जानकारी स्पष्ट रूप से दिखाने और ऐसे उत्पादों की निगरानी मजबूत करने को कहा गया है।
इस लिंक को शेयर करें

