CJP Protest: ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल हिरासत में, दिल्ली में कई पूर्व CM पर पुलिस की कार्रवाई

Jantar Mantar CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सियासी हलचल तेज है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर होने वाले इस प्रदर्शन से पहले पुलिस ने कई विपक्षी नेताओं और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल को भी हिरासत में लिया गया है।
ममता बनर्जी दिल्ली के साउथ एवेन्यू इलाके में धरने पर बैठी थीं। वे तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के साथ जंतर-मंतर की तरफ मार्च करने वाली थीं। करना चाहती थीं। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। इस दौरान उनके साथ TMC सांसद डेरेक ओ' ब्रायन और डोला सेन समेत दूसरे नेता भी मौजूद थे। ममता बनर्जी ने विरोध जताते हुए मुंह पर बैंडेज लगाई थी। उन्होंने मौजूदा हालात की तुलना आपातकाल से भी गंभीर स्थिति से की।
पिनराई विजयन भी हिरासत में
CJP के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और CPI(M) के वरिष्ठ नेता पिनराई विजयन को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। उनके साथ CPI(M) के सांसद जॉन ब्रिटास और केरल के मंत्री के.एन. बालगोपाल समेत दूसरे नेता भी पुलिस कार्रवाई की चपेट में आए। विपक्षी नेताओं ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार को भी हिरासत में लिया गया है। बस में बिठाकर उन्हें ले जाने का वीडियो सामने आया है। त्रिपुरा विधानसभा में विपक्ष के नेता जितेंद्र चौधरी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया।
CJP के नेताओं को फ्लाइट से ही हिरासत में लिया
जंतर-मंतर पहुंचने से पहले ही सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान के अंदर से हिरासत में ले लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है।
वहीं, प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे यूट्यूबर ध्रुव राठी को तो सुबह ही गुरुग्राम से हिरासत में ले लिया गया था। CJP के संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे को प्रदर्शन की अगुवाई करने की जिम्मेदारी दी गई है।
दिल्ली में भारी सुरक्षा, प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई
सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के मध्य हिस्से में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग की गई। कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों को रोका गया और हिरासत में लेकर छत्रसाल स्टेडियम ले जाने की खबरें आईं। दिल्ली में मेट्रो सेवाओं, सड़कों और सार्वजनिक परिवहन पर भी आंशिक रोक लगी हुई है।
बता दें कि कॉक्रोच जनता पार्टी का प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कथित अनियमितताओं के विरोध में बुलाया गया है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं है। वहीं प्रशासन ने प्रदर्शन की परमिशन और कानून-व्यवस्था से जुड़े कारणों का हवाला देते हुए कार्रवाई की है।
दिल्ली में पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि कड़ी सुरक्षा और हिरासत की कार्रवाई के बावजूद सीजेपी का प्रदर्शन किस रूप में आगे बढ़ता है।
इस लिंक को शेयर करें

