दिल्ली फिर हुई शर्मसार! 16 साल की बच्ची के साथ 47 किमी तक चलती बस में किया गैंगरेप

Delhi Bus Gangrape Case: देश की राजधानी दिल्ली से एक बार फिर शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ बस के ड्राईवर और कंडक्टर ने मिलकर कथित गैंगरेप किया है। पुलिस ने मामले में बस ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है। घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने 31 अगस्त को मामले की जानकारी साझा की।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और कक्षा 11 की छात्रा है। घर में झगडा होने पर गुस्से में वह अपने कज़िन से मिलने नोएडा चली आई। मैनपुरी से नोएडा करीब 310 किमी दूर है। उस रात मौसम ख़राब था और भारी बारिश हो रही थी। बारिश और अंधेरे के चलते युवती गलती से ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। वहां से आगे जाने के लिए उसने एक खाली स्लीपर बस को रुकने का इशारा किया।
बस में बैठकर की छेड़खानी और दुष्कर्म
आरोप है कि ड्राइवर और कंडक्टर ने नोएडा सेक्टर-63 जाने की बात कहकर छात्रा को बस में बैठा लिया, लेकिन वहां जाने की जगह वे दोनों लड़की के साथ छेड़खानी करने लगे। इसके बाद ड्राईवर और कंडक्टर ने चलती बस में पीडिता के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया और विरोध करने पर उसे मारने की धमकी देने लगे। इस दौरान उन्होंने बस के शीशे बंद कर दिए और परदे भी लगा दिए ताकि बाहर से कोई अन्दर देख नहीं पाए।
47 किलोमीटर तक बिना रुके चलती रही बस
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बस को परी चौक से लेकर कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर तक चलाते रहे। इस दौरान दोनों आरोपियों ने पीडिता के साथ गैंगरेप किया और बाद में उसे कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास उतार दिया। उतरने के बाद पीड़िता ने नज़दीकी पुलिस से संपर्क कर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पकडे दोनों आरोपी
पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई और रास्ते में लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज और बस के रूट की जांच करने लगे। लम्बी तफ्तीश के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को तिमारपुर स्थित बस पार्किंग से पकड़ लिया। वारदात में इस्तेमाल बस भी जब्त कर ली गई है और उसकी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
इस लिंक को शेयर करें

