गुरुग्राम हिट एंड रन केस में बड़ा एक्शन, आरोपी कल्याण बैंसला दौसा से गिरफ्तार, गुरुग्राम ले गई पुलिस

Female Biker Hit and Run Case: गुरुग्राम के चर्चित हिट एंड रन केस में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है। गुरुग्राम पुलिस की टीम उसे पकड़ने के लिए राजस्थान पहुंची थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अब गुरुग्राम लाया जाया गया।
ये वही मामला है, जिसमें गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और पुलिस ने जांच शुरू की।
दौसा से पकड़ा गया कल्याण बैंसला
पुलिस ने कल्याण बैंसला को मंगलवार को राजस्थान के दौसा जिले से पकड़ा। गुरुग्राम पुलिस की टीम राजस्थान पहुंची थी और अब उसे पूछताछ के लिए गुरुग्राम ले जाया गया।
कल्याण बैंसला की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब मामले में पुलिस ने जांच के दौरान आरोपों को गंभीर करते हुए हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ दी है। पुलिस ने वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद यह कार्रवाई की है।
क्या है पूरा मामला?
घटना गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी। वायरल वीडियो में एक कार महिला बाइक राइडर की बाइक को टक्कर मारती नजर आई। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला बाइक से गिरकर सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई।
पीड़िता की पहचान सिया उर्फ शिवानी चौहान के तौर पर हुई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया था कि कार ने उनका पीछा किया और जानबूझकर उन्हें टक्कर मारी। वहीं, कल्याण बैंसला ने अपने बचाव में टक्कर को हादसा बताया था और जानबूझकर बाइक को टक्कर मारने से इनकार किया था। उसने आरोप लगाते हुए कहा कि महिला बाइकर और उसका एक और बाइकर दोस्त जानबूझकर उसे छेड़ रहे थे।
पुलिस ने जोड़ी हत्या के प्रयास की धारा
शुरुआत में पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर BNS की धारा 281 और 125 के तहत मामला दर्ज किया था। बाद में पीड़िता के परिवार की शिकायत और वीडियो या सीसीटीवी की जांच के आधार पर केस में हत्या के प्रयास से जुड़ी धारा 109 BNS जोड़ी गई।
पीड़िता बोली- मेरी जान जा सकती थी
महिला बाइक राइडर सिया ने घटना के बाद कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि उनका पीछा क्यों किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वह अपनी लेन में बाइक चला रही थीं और कार ने उन्हें टक्कर मारी। सिया ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनके बयान के मुताबिक, इस घटना में उन्हें हाथ और पैर में चोट आई, लेकिन स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
इस लिंक को शेयर करें

