ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर कांग्रेस का प्रदर्शन, लगातार दूसरे दिन हिरासत में लिए राहुल-प्रियंका समेत कई नेता

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस और INDIA ब्लॉक का विरोध प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं और सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध कर रहे थे। विपक्ष का आरोप है कि Special Intensive Revision यानी SIR की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं और चुनाव आयोग को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
सांसदों को पीटा गया- प्रियंका गांधी
जंतर-मंतर पहुंचने से पहले ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद कई नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कुछ सांसद पुलिस की बसों की छत पर चढ़कर विरोध जताते नजर आए, जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा ने सड़क पर बैठकर विरोध किया। बाद में उन्हें भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान प्रियंका गांधी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सांसदों के साथ ज्यादती की गई और पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इससे पहले मंगलवार को भी राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों को चुनाव आयोग के दफ्तर की ओर मार्च करने के दौरान हिरासत में लिया गया था। लगातार दो दिनों की कार्रवाई के बाद चुनाव आयोग की निष्पक्षता और SIR को लेकर राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है
इस लिंक को शेयर करें

