Meta को केंद्र की सख्त चेतावनी! कानून तोड़ा तो Facebook-Instagram से हटेगा ‘Safe Harbour’ का कवच

Meta Safe Harbour Warning By Indian Government: केंद्र सरकार ने Facebook, Instagram और Whatsapp जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म चलाने वाली कंपनी Meta को भारतीय कानूनों के पालन को लेकर सख्त चेतावनी दी है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) और Meta के बीच हाल ही के वक़्त में कई बैठकें हुई हैं, जिनमें सरकार ने साफ़ कहा कि अगर कंपनी का कोई भी प्लेटफॉर्म भारतीय कानूनों का उल्लंघन करता है, तो उसे ‘सेफ हार्बर’ के तहत कानूनी सुरक्षा नहीं मिलेगी।
Child Sexual Abuse content पर शिकंजा
सूत्रों के मुताबिक, बैठकों में सबसे बड़ा मुद्दा चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज मटेरियल (CSAM) और अन्य गैरकानूनी या नुकसान पहुंचाने वाला कंटेंट था। सरकार ने Meta से ऐसे कंटेंट की पहचान, रोकथाम और मॉडरेशन को लेकर उठाए जा रहे कदमों की जानकारी ली। सूत्रों का कहना है कि CSAM से जुड़े मामलों में Meta की तरफ से भी कुछ कार्रवाई देखने को मिली है।
सरकार ने साफ किया कि जो कार्रवाई की जा रही है, वह मौजूदा कानूनों और वैधानिक अधिकारों के दायरे में है। इसका मकसद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वैध अभिव्यक्ति (Freedom of Expression and Freedom of Thoughts) को रोकना नहीं, बल्कि गलत और गैरकानूनी तरह के कंटेंट फैलने पर लगाम लगाना है।
AI-generated कंटेंट की होगी निगरानी
इसके अलावा बैठक डीपफेक और AI-generated कंटेंट के मुद्दे पर भी कई सवाल उठे। सरकार ने कहा कि इस तरह के फेक और AI generated कंटेंट की अलग से लेबलिंग और पहचान हो, ताकि यूजर्स को पता रहे कि उनके सामने जो कंटेंट चल रहा है, वह असली है या AI से बनाया गया है।
साथ ही, सरकार ने Meta के content recommendation और virality system पर भी सवाल उठाए। खासतौर पर यह जानने की कोशिश की कि कोई कंटेंट आपत्तिजनक या सिंथेटिक/फेक फ्लैग होने के बाद भी दोबारा यूजर्स तक कैसे पहुंच जाता है और बड़े स्तर पर कैसे फैलता है।
क्या है सेफ हार्बर (Safe Harbour)
आसान शब्दों में सेफ हार्बर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को गलत कंटेंट अपलोड होने पर कानूनी सुरक्षा देता है। अगर कोई यूजर प्लेटफ़ॉर्म पर किसी तरह का गलत या आपत्तिजनक कंटेंट अपलोड करता है, तो वह प्लेटफ़ॉर्म और कंपनी कुछ खास शर्तों का पालन करके सजा से बच सकती है, जैसे कंटेंट को हटाना या अकाउंट बैन आदि। लेकिन इन शर्तों का उल्लंघन करने पर कंपनी पर से सेफ हार्बर की सुरक्षा हट जाती है और उस पर कार्रवाई हो सकती है।
इस लिंक को शेयर करें

