जम्मू-कश्मीर में बादल फटने और भूस्खलन से भारी तबाही, 11 की मौत, कई लापता

Jammu Kashmir Cloudburst and Landslide: जम्मू-कश्मीर के पुंछ और किश्तवाड़ इलाकों में कुदरत अपना कहर बरपा रही है। शनिवार देर रात इन इलाकों में बदल फटने से भयानक बारिश हुई, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति हो गयी और अब तक भारी तबाही मच चुकी है। बादल फटने के चलते कई जगहों पर भूस्खलन (Landslide) की भी खबर सामने आई है। आपदा में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7 लोग लापता हैं। इसके अलावा, तीन बच्चों सहित चार लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है।
पुंछ में पहाड़ खिसकने से पूरा परिवार दबा
आपदा में पुंछ जिले की सुरनकोट में सबसे ज्यादा नुकसान दर्ज हुआ है। पुंछ के लोअर मड़ा गांव में बादल फटने के बाद पहाड़ का एक हिस्सा खिसक गया, जिसमें एक दोमंजिला मकान दब गया। मलबे में मोहम्मद लतीफ के परिवार के 5 लोग दब गए और सभी की मौत हो गयी। राहत और बचाव दल ने मलबे में से दो साल के मासूम सोफियान यासिर सहित पांच शव बाहर निकाले हैं। अन्य स्थानों पर भी स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सेना की टीमें लगातार बचाव और राहत कार्य तेजी से चला रही है।
किश्तवाड़ में बाढ़, खेत हुए बर्बाद
किश्तवाड़ में पुंछ के मुकाबले नुकसान थोडा कम है, लेकिन वहां भी अच्छा खासा नुकसान हुआ है। कई खेत बाढ़ के चलते नष्ट हो गए। आस-पास के कई गांवों में भी हादसों में कई लोगों के घायल होने की खबर है। संगलेयानी में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि मरहोट में नाले के उफान में बहकर नाबालिग इरम की जान चली गई। नूनाबांडी गांव में मकान गिरने से 28 वर्षीय नाजिया कौसर की मौत हो गयी। राजौरी में धारहाल नदी में फ्लैश फ्लड यानि अचानक से बाढ़ आ जाने से करीब 200-250 वाहन बह गए।
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
किश्तवाड़ के डच्छन क्षेत्र में बादल फटने से घर मलबे के ढेर में बदल गए और खेतों में फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने कण्ट्रोल रूम स्थापित कर लोगों को नदी-नालों और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इस लिंक को शेयर करें

