Khan Sir coaching Firing: खान सर की कोचिंग के बाहर फायरिंग, पहले दिया बयान अब खुद ही मुकरे

Khan Sir coaching firing: बिहार की राजधानी पटना में मशहूर शिक्षक खान सर की कोचिंग के बाहर कथित फायरिंग की घटना को लेकर नया मोड़ आ गया है। मंगलवार को घटना के बाद जहां खान सर ने दावा किया था कि उनकी कोचिंग के बाहर 8 से 10 राउंड गोलियां चलीं और एक सुरक्षा गार्ड घायल हुआ, वहीं करीब 12 घंटे बाद उन्होंने अपने पहले बयान से अलग रुख अपनाते हुए कहा कि उनकी कोचिंग पर कोई हमला नहीं हुआ था।
मामला पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान सर की कोचिंग के बाहर का है। शुरुआती खबरों में बताया गया कि कोचिंग परिसर के बाहर फायरिंग हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र भी कोचिंग के बाहर जुट गए और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
पहले क्या बोले थे खान सर?
घटना के तुरंत बाद खान सर ने मीडिया से बातचीत में दावा किया था कि उन्होंने खुद 8 से 10 राउंड गोलियां चलते देखीं। उनका कहना था कि कुछ असामाजिक तत्व आए, गार्ड्स के साथ मारपीट की और गोलीबारी की। उन्होंने आरोप लगाया था कि कम फीस में पढ़ाने और बेहतर रिजल्ट देने की वजह से कुछ प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थानों को उनसे परेशानी है।
खान सर ने ये भी कहा था कि गरीब छात्रों को सस्ती शिक्षा उपलब्ध कराने के उनकी कोशिशों से कुछ लोग नाराज हैं और उन्हें डराने की कोशिश की जा रही है।
12 घंटे बाद बदला बयान
हालांकि बाद में खान सर ने साफ किया कि घटना को उनकी कोचिंग पर हमला बताना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा कि विवाद कुछ लोगों के बीच था और उसे उनकी कोचिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने ये भी कहा कि संस्थान के अंदर छात्रों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और जांच पूरी होने से पहले किसी अंतिम फैसले पर पहुंचना सही नहीं होगा।
उनके बदले हुए बयान के बाद अब पूरे मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि शुरुआती दावों और बाद की सफाई में अंतर दिखाई दे रहा है।
पुलिस क्या कह रही है?
पटना पुलिस की शुरुआती जांच में भी कई दावों की पुष्टि नहीं हो सकी है। अधिकारियों ने कहा कि CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और गोली चलने के पुख्ता सबूत तलाशे जा रहे हैं। कुछ अधिकारियों ने शुरुआती स्तर पर इसे आपसी विवाद और मारपीट से जुड़ा मामला बताया है। पुलिस ने अभी तक किसी साजिश या प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान की भूमिका की पुष्टि नहीं की है।
प्रतिद्वंद्वी कोचिंग पर जताया शक
खान सर लगातार ये संकेत देते रहे हैं कि घटना के पीछे प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थानों का हाथ हो सकता है। उनका आरोप है कि कम फीस और बड़ी संख्या में छात्रों के चयन से कुछ संस्थान असहज हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस दावे की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और दूसरे तकनीकी सबूतों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
इस लिंक को शेयर करें

