NEET Paper Leak: नीट पेपर लीक से पहली मौत, माफियाओं के पापों की बलि चढ़ा छात्र, फांसी लगाकर दी जान

NEET Paper Leak: एक तरफ देश का सबसे बड़ा परीक्षा तंत्र, दूसरी तरफ लाखों युवाओं का भविष्य और इन दोनों के बीच पिसती मासूम ज़िंदगियां। नीट परीक्षा में धांधली और पेपर लीक के आरोपों ने आज एक और घर का चिराग बुझा दिया है। लखीमपुर खीरी के गोविंदनगर के रहने वाले नीट अभ्यर्थी रितिक मिश्रा पेपर रद्द होने का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। रितिक अपने मां-पिता की इकलौती चिराग था। रितिक की खुदकुशी के बाद अब पूरे सूबे में उबाल है। तीसरी बार परीक्षा देने वाले रितिक की मौत ने व्यवस्था पर ऐसे सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है।
इस दुखद घटना के बाद गुरुवार को लखीमपुर खीरी का कलेक्ट्रेट परिसर राजनीतिक अखाड़ा बन गया। गुस्सा, आक्रोश और इंसाफ की मांग...आज दिनभर कलेक्ट्रेट में भारी गहमागहमी रही। एक तरफ जहां मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के नेताओं ने सड़कों पर उतरकर सरकार को घेरा, तो वहीं दूसरी तरफ सत्ता पक्ष की छात्र इकाई (ABVP) ने भी अपनी ही सरकार के परीक्षा तंत्र के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
सपा का जोरदार प्रदर्शन
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा नेताओं का सीधा आरोप है कि इस देश में पेपर लीक होना अब कोई नई बात नहीं रह गई है, बल्कि यह एक आम बात बन चुकी है। सरकार दावों के बड़े-बड़े महल तो खड़ी करती है, लेकिन पेपर लीक के इस संगठित गिरोह पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। सपा ने सीधे तौर पर देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है।
समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष शशांक यादव ने इस मौके पर बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया। उन्होंने साफ कहा कि रितिक की मौत कोई साधारण आत्महत्या नहीं, बल्कि इस भ्रष्ट सिस्टम ने हत्या की है। शशांक यादव ने पीड़ित परिवार के लिए 2 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है और मामले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराने की वकालत की है ताकि रितिक के परिवार को न्याय मिल सके।
ABVP भी आर-पार की लड़ाई में उतरा
लेकिन कहानी सिर्फ विपक्ष के प्रदर्शन तक सीमित नहीं है। गुस्सा इस कदर है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े छात्र संगठन, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने भी आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। आज कलेक्ट्रेट के गेट पर जो नजारा था, उसने हर किसी को चौंका दिया। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था NTA - National Testing Agency की शवयात्रा निकाली!
ये आक्रोश, ये गुस्सा लाजमी है। क्योंकि रितिक मिश्रा कोई पहले छात्र नहीं हैं। पेपर लीक की खबरों, परीक्षा रद्द होने की अफवाहों और सिस्टम की लेटलातीफी ने युवाओं को मानसिक अवसाद के उस मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है, जहाँ उन्हें सिर्फ मौत का रास्ता सूझ रहा है। रितिक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि रितिक दिन-रात मेहनत कर रहा था, लेकिन परीक्षा के बाद जो खबरें आईं, उसने उसे अंदर से तोड़ दिया।
दोबारा परीक्षा की तारीख का ऐलान, अगले साल से ऑनलाइन एग्जाम
दूसरी तरफ देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट के दोबारा परीक्षा की तारीख का ऐलान कर दिया है। अब 21 जून 2026, रविवार को दोबारा परीक्षा होगी। वहीं अगले साल से अब NEET परीक्षा ऑनलाइन मोड में होगी। लगातार पेपर लीक होने के बाद अब सरकार की तरफ से ये बड़ा फैसला लिया गया है।
इस लिंक को शेयर करें

