25 साल...एक जननेता! नरेंद्र मोदी जिन्होंने बदल दी राजनीति

एक मुख्यमंत्री से देश के प्रधानमंत्री तक का सफर 25 साल सत्ता के केंद्र में और इन 25 सालों में ऐसे कई फैसले, जिन्होंने नरेंद्र मोदी की राजनीति की दिशा ही नहीं, बल्कि देश की राजनीति की तस्वीर भी बदल दी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में एक बड़ा पड़ाव है।
7 अक्टूबर को PM Modi बने थे गुजरात सीएम
7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से शुरू हुआ ये सफर 25 साल पूरा कर चुका है। इसी मौके पर राजस्थान समेत देशभर में सेवा संकल्प अभियान और सेवा यात्राओं के जरिए मोदी के 25 साल के राजनीतिक सफर को याद किया जा रहा है।
तो पीएम मोदी का ये सफर 2001 में गुजरात भूकंप की तबाही, सूखा और राजनीतिक अस्थिरता जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था। इसी दौर में नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर कमान संभाली। इसके बाद गुजरात में विकास मॉडल की राजनीति मोदी की पहचान बनती गई। ज्योतिग्राम, प्रशासनिक सुधार और निवेश जैसे मुद्दे उनके शासन के केंद्र में रहे। गुजरात में लगातार तीन विधानसभा चुनाव जीतने के बाद मोदी का कद राष्ट्रीय राजनीति में तेजी से बढ़ा।
और फिर आया 2013 जब बीजेपी ने नरेंद्र मोदी को 2014 लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया। 2014 में बीजेपी को बहुमत मिला और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने। इसके बाद उनके सामने देश की अर्थव्यवस्था से लेकर सुरक्षा और प्रशासन तक कई बड़े फैसले लेने की चुनौती थी। नोटबंदी, GST, सर्जिकल स्ट्राइक, अनुच्छेद 370 हटाने का फैसला, तीन तलाक पर कानून और फिर कोरोना महामारी के दौरान वैक्सीनेशन और राहत का बड़ा अभियान, इन फैसलों ने मोदी को एक ऐसे नेता के तौर पर स्थापित किया, जो बड़े और राजनीतिक रूप से जोखिम भरे फैसले लेने से पीछे नहीं हटता।
2024 में तीसरी बार बने प्रधानमंत्री
2024 में नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। इसके साथ ही मोदी देश के उन चुनिंदा प्रधानमंत्रियों की कतार में शामिल हो गए, जिन्होंने लगातार तीन लोकसभा चुनावों में सरकार बनाई। लेकिन एक बात से इनकार नहीं किया जा सकता। नरेंद्र मोदी भारतीय राजनीति के सबसे प्रभावशाली और लंबे समय तक सत्ता के केंद्र में रहने वाले नेताओं में शामिल हो चुके हैं। आज जब उनके 25 साल पूरे हो रहे हैं। तो सवाल ये नहीं कि मोदी का सफर कितना लंबा रहा। सवाल ये है कि अगले 25 साल के लिए मोदी की राजनीति का एजेंडा क्या होगा? और इसका जवाब उन्होंने खुद दिया है।
इस लिंक को शेयर करें

