विदेश जाना तो दूर, विदेश जाने की तैयारी भी महँगी हो गयी, सरकार ने बढाई पासपोर्ट बनवाने की कीमतें

India Passport Fee Hike 2026: अब एक जुलाई (1 July) से विदेश घूमने की इच्छा रखने वालों को इसके लिए ज्यादा पैसे चुकाने होंगे। 1 जुलाई से भारत सरकार पासपोर्ट बनवाने और री-इश्यू करवाने की कीमतों में बढ़ोतरी करने वाली है। भारत के विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट रूल्स, 1980 में संशोधन करके नयी कीमतों को लेकर नोटिफिकेशन निकाला है, जिसके अनुसार नया पासपोर्ट बनवाने, री-इश्यू करवाने, पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट और सरेंडर सर्टिफिकेट जैसी चीज़ों के भी सर्विस चार्जेज बढ़ा दिए गए हैं।
क्या होंगी पासपोर्ट की नयी कीमतें
नोटिफिकेशन के अनुसार, 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की बनवाने के लिए लगने वाली फीस 1500 रुपये से बढाकर 2500 रुपये होने वाली है। साथ ही, तत्काल पासपोर्ट की फीस भी 3500 से बढ़कर 5000 हो जाएगी। 60 पेज वाले पासपोर्ट की भी नॉर्मल फीस 3500 और तत्काल में 6000 हो जाएगी। नाबालिग बच्चों के 36 पेज वाले पासपोर्ट के लिए 1000 रुपये से बढाकर 1750 रुपये तय हुए हैं।
री-इश्यू के लिए भी बढ़ी कीमतें
अगर आपका पासपोर्ट खो जाता है, जल जाता है या डैमेज हो जाता है, तो उसके लिए भी आपको ज्यादा जेब हल्की करनी पड़ेगी। 36 पेज के पासपोर्ट के खोने या डैमेज होने पर री-इश्यू करवाने के लिए अब 5000 रुपये देने होंगे। तत्काल में ये कीमत 7500 पर पहुँचने वाली है। 60 पेज वाले पासपोर्ट के लिए ये फीस नॉर्मल में 6000 और तत्काल में 8500 रुपये रखी गयी है।
नाबालिगों के पासपोर्ट खोने पर 4250 रुपये और तत्काल में 6750 रुपये लगेंगे।
इस लिंक को शेयर करें

