राजस्थान मूल के IAS विकास मरमत का बेंगलुरु के पब में हंगामा, पुलिस को गालियां देने का आरोप, FIR के बाद ट्रांसफर

राजस्थान मूल के आंध्र प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी विकास मरमत का बेंगलुरु के एक पब में पुलिसकर्मियों के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि पब में पहचान पत्र (ID) दिखाने को कहने पर अधिकारी पुलिसकर्मियों से भिड़ गए, उन्हें गालियां दीं और उनके साथ मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की। मामले में FIR दर्ज होने के बाद आंध्र प्रदेश सरकार ने विकास मरमत का तबादला भी कर दिया है।
ID मांगने पर शुरू हुआ विवाद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये घटना 9 और 10 अक्टूबर की दरमियानी रात बेंगलुरु के रेजिडेंसी रोड स्थित कैवोर (Cavore) पब में हुई। उस समय बेंगलुरु पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम नियमित जांच कर रही थी। पुलिसकर्मी पब में आने वाले कस्टमर्स के पहचान पत्र और उम्र की जांच कर रहे थे, ताकि नाबालिगों को शराब परोसे जाने जैसी घटनाओं को रोका जा सके।
इसी दौरान पुलिस ने विकास मरमत से ID दिखाने को कहा। आरोप है कि इस बात पर विवाद शुरू हो गया और अधिकारी ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। वायरल वीडियो में भी पुलिसकर्मियों और अधिकारी के बीच तीखी बहस दिखाई देती है। शिकायत में पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी, मारपीट की कोशिश और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप लगाए गए हैं।
IAS समेत चार लोगों पर FIR
इस मामले में बेंगलुरु के कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में विकास मरमत और उनके तीन साथियों अभय उदय सिंह, नीतीश और रोशन के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विकास मरमत आंध्र प्रदेश में कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (KADA) में प्रोजेक्ट डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद उन पर प्रशासनिक कार्रवाई भी हुई है और उनका तबादला कर दिया गया है।
इस लिंक को शेयर करें

