ईरान से तेल खरीदना पड़ा भारी! अमेरिका ने 4 भारतीय कंपनियों पर लगाया प्रतिबंध, कारोबार पर बढ़ेगी मुश्किल

US Sanctions On Indian Companies for purchasing Oil from Iran: अमेरिका ने ईरान से पेट्रोलियम और पेट्रोकेमिकल प्रोडक्ट्स खरीदने के चलते चार भारतीय कंपनियों पर प्रतिबंध लगाया है। अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, ये कम्पनियां ईरानी तेल और पेट्रोकेमिकल प्रोडक्ट्स की खरीद-फरोख्त से जुड़े महत्वपूर्ण लेनदेन में भूमिका में थी। कार्रवाई के दायरे में कंपनियों से जुड़े कुछ भारतीय नागरिक भी आए हैं।
किन कंपनियों पर लगा प्रतिबन्ध
अमेरिका ने भारत की Portease Partners LLP, Sadashiva Overseas Limited, PP Softtech Private Limited और Prakrutees Infra Impex Private Limited को प्रतिबंधित संस्थाओं की लिस्ट में शामिल किया है।
क्यों लगाया गया प्रतिबन्ध
अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, Portease Partners LLP और उसके पार्टनर इंद्रिसमिया अशरफिया शेख तथा हरीश रामचंद्र रंगी ने ईरान से पेट्रोकेमिकल की कई खेपों की खरीद और इम्पोर्ट में मदद की थी। वहीं PP Softtech के डायरेक्टर प्रशांत गर्ग भी अमेरिकी कार्रवाई के दायरे में हैं।
अमेरिकी सरकार के मुताबिक, Sadashiva Overseas ने करीब 69 मिलियन डॉलर यानी लगभग 570 करोड़ रुपए के ईरानी मूल के पेट्रोलियम उत्पाद खरीदे। इसके अलावा PP Softtech और Prakrutees Infra ने भी करीब 25-25 मिलियन डॉलर के पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स खरीदे और इम्पोर्ट किये थे।
क्या होगा इसका असर
यह कार्रवाई अमेरिका की ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है। वॉशिंगटन ईरान की तेल और पेट्रोकेमिकल से होने वाली इनकम को निशाना बनाने के साथ उन विदेशी कंपनियों पर भी कार्रवाई कर रहा है, जो ईरान के साथ कारोबारी लेनदेन कर रही हैं।
अमेरिकी प्रतिबंधों के बाद इन भारतीय कंपनियों के लिए इंटरनेशनल बैंकिंग, डॉलर में लेनदेन और अमेरिका से जुड़े कारोबारी रास्तों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं। साथ ही, इनके साथ बिज़नेस करने वाले अन्य संस्थानों और कंपनियों पर भी इसका असर और दबाव पड़ सकता है।
इस लिंक को शेयर करें

