SP ऑफिस में जमीन पर बैठे नजर आए फरियादी, स्मार्ट पुलिसिंग के दावों की खुली पोल, जानें पूरा मामला

Baran SP Office complainants sitting on floor: राजस्थान पुलिस का ध्येय वाक्य है, अपराधियों में भय, आमजन में विश्वास लेकिन लगता है कि राजस्थान पुलिस को आम लोगों के साथ कैसा व्यवहार किया जाता है यह अभी तक पता नहीं है। एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जोकि प्रदेश के बारां जिले का है। यहां पर एसपी ऑफिस में अपनी समस्या लेकर पहुंचे फरियादियों को कुर्सी तक मुनासिब नहीं हुई। उन्हें जमीन पर बैठा दिया गया। पुलिस दावा करती है कि हमारी जैसी पुलिसिंग देश में कहीं पर नहीं है लेकिन जो फोटो वायरल हुई है उससे लगता है कि इससे घटिया नजारा और क्या हो सकता है?
जमीन पर बैठे थे फरियादी
बता दें कि बारां में एसपी और एडिशनल एसपी के ऑफिस के बाहर फरियादी जमीन पर बैठे नजर आए। इस फोटो से पुलिस के दावों की पोल खुल गई। सभी फरियादी लाइन लगाकर बैठे हैं और अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। फरियादियों के लिए न तो कुर्सी थी और न ही पीने के पानी का प्रबंध। इन फरियादियों में बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हैं। वहीं दूसरी ओर कार्यालय में बैठे पुलिस अधिकारियों के पास एक से बढ़कर एक कुर्सी थी।
पुलिस जारी करती है दिशा-निर्देश
ऐसे में सवाल यह है कि क्या सभी जिलों में पुलिस ऐसे ही फरियादियों से फरियाद सुनती है। बता दें कि आमजन के साथ सम्मानजनक व्यवहार और जनसुनवाई को लेकर पुलिस मुख्यालय की ओर से समय-समय पर दिशा निर्देश जारी किए जाते हैं इसके बावजूद आम फरियादियों के साथ ऐसा व्यवहार समझ से परे हैं। इसके अलावा पुलिस थानों में भी स्वागत कक्ष बनाए गए हैं लेकिन उनमें न तो बैठने की व्यवस्था होती है और न ही पंखा। वहीं इस मामले को लेकर बारां के एसपी अभिषेक अंदासु ने कहा कि जो भी फरियादी आते हैं उनके बैठने की व्यवस्था की जाती है। वहीं दूर-दराज से आने वाले फरियादियों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़े इसको लेकर भी निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
इस लिंक को शेयर करें

