जयपुर ग्रामीण में भाजपा नेता की निर्मम हत्या! गला रेतकर की गई वारदात

Jaipur Rural BJP Leader Ramavtar Aswal Murder: जयपुर ग्रामीण जिले में एक भाजपा नेता की हत्या कर दी गई है। घटना सोमवार देर रात जयपुर ग्रामीण जिले के मनोहरपुर कस्बे में घटी, जहाँ एक स्थानीय बीजेपी नेता की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गयी, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय रामवतार असवाल उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। रामवतार स्थानीय स्तर पर भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष थे और पार्टी से जुड़े कार्यक्रमों और गतिविधियों से भी जुड़े रहते थे। मनोहरपुर बस स्टैंड के पास ही रामवतार का एक कबाड़ का गोदाम भी चलता है।
शुरूआती जांच में सामने आया है कि सोमवार शाम को जब रामवतार अपने कबाड़ के गोदाम में थे, तब एक व्यक्ति उनसे मिलने गोदाम पर पहुंचा था। इसी दौरान उसने रामवतार पर धारदार हथियार से हमला किया और उनका गला रेतकर मौके से फरार हो गया। देर रात तक भी जब रामवतार घर नहीं पहुंचे, तो घरवाले उन्हें ढूंढते हुए गोदाम पर पहुंचे। गोदाम पर वो लहूलुहान हालत में मिले। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की सहायता से सबूत इकट्ठे किये। पुलिस ने गोदाम और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
मंगलवार सुबह रामवतार के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मनोहरपुर थाने पहुंचे और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। पुलिस अधिकारियों ने आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया और मामला शांत करवाया।
इस लिंक को शेयर करें

