बलात्कारी बाबा राम रहीम को फिर से मिली पैरोल, 5 सालों में सरकार ने 16वीं बार बाहर छोड़ा दरिंदा

Gurmeet Ram Rahim got parole for 16th time: बलात्कार और हत्या के मामलों में दोषी गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर 30 दिनों की पैरोल मिल गई है। इस बार हरियाणा की सरकार ने राम रहीम की 30 दिनों की पैरोल मंजूर कर दी, जिसके बाद सोमवार सुबह 6:30 बजे उसे रोहतक की सुनारिया जेल से रिहा कर दिया गया। 2017 में सज़ा होने के बाद से ये 16वीं बार है, जब इस अपराधी बाबा को पैरोल मिली है। इतने बड़े अपराधी को बार-बार छूट मिलने पर सवाल उठ रहे हैं कि क्यों इसे हर दो-तीन महीनों में घूमने-फिरने के लिए बाहर निकाल देते हैं।
जेल से बाहर निकलते ही राम रहीम को हरियाणा और पंजाब पुलिस ने घेर लिया और सुरक्षा काफिले के साथ सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम ले गए। खबर है कि पैरोल की पूरी अवधि के दौरान वह यहीं रहेगा।
आपको बता दें कि राम रहीम को 2017 में दो महिला अनुयायियों से बलात्कार के मामले में 20 साल की सजा हुई थी। इसके अलावा पत्रकार रामचंद्र छत्रपति और अपने ही मैनेजर की हत्या के मामलों में भी दोषी ठहराया जा चुका है। साथ ही, कई अन्य महिलाओं के साथ बलात्कार के मामले भी दर्ज हैं।
इन्हीं आरोपों में 2017 में उसे जेल हुई थी, जिसके बाद से अब तक राम रहीम को यह 16वीं पैरोल मिली है। अभी जनवरी 2026 में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी। आंकड़ों की देखें तो पिछले पांच सालों में राम रहीम कुल 406 दिन जेल से बाहर रह चुका है। इस नई पैरोल के बाद यह आंकड़ा 436 दिनों का हो जाएगा, यानी एक साल से ज्यादा समय जेल के बाहर।
राम रहीम को बार-बार मिलने वाली पैरोल को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठाता आया है क्योंकि ज़्यादातर वक़्त ये पैरोल तब मिली है जब पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में चुनाव का माहौल चल रहा था। इन राज्यों में डेरे के अनुयायी अच्छी तादाद में मौजूद है। इसलिए विपक्ष सत्ता पार्टी पर अपने राजनीतिक फायदे के लिए बार-बार राम रहीम को पैरोल पर बाहर निकालने का आरोप लगाता आया है। हालाँकि, हरियाणा सरकार ने इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
इस लिंक को शेयर करें

