Hanumangarh: 16 साल के किशोर को पीटने वाले मामले में 5 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज, पिता बोले- गुंडे हैं सब

Hanumangarh Fight video: हनुमानगढ़ जिले के भादरा क्षेत्र में बस किराए के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मलसीसर गांव बस स्टैंड पर 16 साल के रजत शर्मा को 6–7 लोगों ने लोहे की रॉड और मुक्कों से बेरहमी से पीटा, जिससे वह अर्ध-बेहोशी की हालत में पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। बच्चे के पिता ने इन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
जंगलराज नहीं देखा हो तो देख लीजिए
जो पिट रहा है, वह एक 16 साल का किशोर बताया जा रहा है और किराये के एक रुपए के डिफरेंस के विवाद में यह घटना हुई है।
घटनाक्रम हनुमानगढ़ जिले के भादरा क्षेत्र का बताया जा रहा है। एक 16 वर्ष के बच्चे के साथ ऐसी निर्दयता करते हुए वैसे तो किसी के भी… pic.twitter.com/bPRtHDSXv5
— Arvind Chotia (@arvindchotia) May 11, 2026
बस के किराए में 1 रुपए के अंतर पर इतना पीटा
बताया जा रहा है कि विवाद बस के टिकट के किराए में 1 रुपए के अंतर को लेकर हुआ। विवाद बढ़ा तो आरोपियों ने किशोर को बस से नीचे उतार दिया। इसके बाद 6–7 लोगों ने मिलकर उसकी बुरी तरह पिटाई की। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि इस किशोर को ये आरोपी लोहे की रॉड, मुक्कों और लातों से लगातार बेरहमी से मार रहे हैं। घायल किशोर गंभीर चोटों के साथ जमीन पर गिरा दिखाई देता है। उसकी शर्ट पर काफी खून लगा हुआ है।
पीड़ित के पिता ने लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित के पिता जितेंद्र ने भादरा थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने कहा कि मेरा बच्चा गंभीर हालत में है। आरोपियों ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती भी नहीं कराने दिया। लेकिन डॉक्टरों ने कहा कि बच्चे को बचाना उनका कर्म है और वो करेंगे। इस तरह से उनका बच्चा बचा है। पिता ने कहा कि जिन्होंने पीटा है, वो गुंडे हैं, उनके ही डर से किसी ने भी मेरे बच्चे को बचाया नहीं, सिर्फ दो-तीन भले आदमी थे जिन्होंने मेरे बच्चे को उनसे छुड़ाया।
बता दें कि पिता की शिकायत पर पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारी वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में गुस्सा है। घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी सवाल उठे कि मामूली किराया विवाद में इतनी क्रूरता क्यों की गई।
इस लिंक को शेयर करें

