भारत वायुसेना को मिलेगी बड़ी ताकत! 114 नए राफेल जेट खरीदने की तैयारी तेज, 90 जेट Made in India होंगे

India France Deal of 114 Rafale Jets: भारत ने दुश्मनों को हराने और वायुसेना को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए फ्रांस से 114 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने की प्रक्रिया तेज़ कर दी है। इसके लिए सरकार ने लेटर ऑफ रिक्वेस्ट (LoR) को फाइनल कर लिया है, जिसे जल्द ही फ्रांस को भेजा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, यह डील कुल 114 राफेल के लिए होगी, जिनमें से 24 जेट फ्रांस तैयार करके भारत को डिलीवर करेगा, जबकि 90 राफेल जेट भारत में ही तैयार किये जाएँगे। ये 90 जेट डसॉल्ट एविएशन और एक भारतीय कंपनी पार्टनरशिप ने आकर तैयार करेंगे। भारत के रक्षा मंत्रालय की डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल (DAC) ने पहले ही इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
LoR के बाद डील को लेकर जब फ्रांस का जवाब मिलेगा, तो उसके बाद भारत फॉर्मल RFP (Request for Proposal) जारी करेगा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच डील से जुड़ी शर्तों, कीमत, लॉजिस्टिक्स और अन्य मुद्दों पर बातचीत शुरू होगी। इस विशेष डील के लिए भारत ने राफेल की मैन्युफैक्चरिंग में इस्तेमाल होने वाले मटेरियल का 50% तक हिस्सा भारत की स्वदेशी सामग्री (Make in India) होने की मांग रखी है, जिससे भारत की इंडस्ट्रीज को भी बढ़ावा मिलेगा।
फ़िलहाल, भारतीय वायुसेना के पास 36 राफेल विमान मौजूद हैं। इंडियन नेवी भी 26 राफेल-M वेरिएंट जेट अपने बेड़े में शामिल करने की तैयारी कर रही है।
फ़िलहाल सौदे की कीमत तय नहीं हुई है, लेकिन कुल राशि लगभग 3.25 लाख करोड़ रुपये होने का अंदाज़ा लगाया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस डील के पूरा होने पर फ्रांस रूस के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा रक्षा साझेदार बन जाएगा। पाकिस्तान की तरफ से लगातार बढ़ती चुनौतियों और युद्ध के माहौल के बीच यह कदम भारतीय वायुसेना को और मजबूत करेगा।
इस लिंक को शेयर करें

