होम/news/jaipur-sms-hospital-bomb-threat-on-jaipur-bomb-blast-anniversary

जयपुर धमाके की बरसी पर SMS को मिली बम से उड़ाने की धमकी, हरियाणा से पकड़ा गया आरोपी

जयपुर धमाके की बरसी पर SMS को मिली बम से उड़ाने की धमकी, हरियाणा से पकड़ा गया आरोपी
जयपुर
13 May 2026, 01:40 pm
रिपोर्टर : ज्योति शर्मा

Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई। जयपुर का दिल कहे जाने वाले और प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल, सवाई मानसिंह अस्पताल यानी SMS को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। गौर करने वाली बात ये है कि आज ही के दिन जयपुर के परकोटे में 2008 में बम विस्फोट हुआ था और आज ही के दिन SMS से ऐसे खबर आना महज एक इत्तेफ़ाक़ नहीं माना जा रहा। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी ने आरोपी को हरियाणा से पकड़ लिया।

40 करोड़ रुपए की मांगी फिरौती

हज़ारों मरीजों की जान बचाने वाले इस अस्पताल को दहलाने की साजिश रची गई। लेकिन यह सिर्फ एक धमकी नहीं थी, इसके पीछे थी 40 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती की मांग। आज सुबह जब पूरा शहर जाग रहा था, तब अभय कमांड सेंटर में आए एक संदेश ने पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फुला दिए। सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच जयपुर के अभय कमांड सेंटर को एक धमकी भरा मैसेज आया। जिसमें लिखा था कि अगर 40 करोड़ रुपए नहीं दिए गए, तो SMS अस्पताल को बम से उड़ा दिया जाएगा।

जांच में कुछ भी नहीं मिला

जैसे ही ये सूचना प्रशासन तक पहुंची, अस्पताल में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। अस्पताल के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी के मुताबिक, करीब 2 से 3 घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। उस वक्त अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी का माहौल था। हर कोई अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर देख रहा था। हालांकि, गहन जांच के बाद पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद प्रशासन और जनता ने राहत की सांस ली।

हरियाणा से पकड़ा गया आरोपी

जयपुर पुलिस की साइबर सेल तुरंत एक्टिव हुई। तकनीकी जांच और टावर लोकेशन की मदद से पता चला कि ये कॉल राजस्थान से नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्य हरियाणा से किया गया था। जयपुर पुलिस ने बिना समय गंवाए हरियाणा पुलिस से संपर्क किया और एक विशेष टीम को वहां के लिए रवाना किया। SMS अस्पताल के थानाधिकारी राजेश शर्मा ने पुष्टि की है कि पुलिस ने आरोपी को हरियाणा से डिटेन (हिरासत में) कर लिया है। आरोपी को अब जयपुर लाया जा रहा है। आखिर उसने इतनी बड़ी रकम क्यों मांगी? क्या वह किसी गिरोह का हिस्सा है या यह महज एक सिरफिरे की हरकत थी? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की पूछताछ के बाद सामने आएंगे।

विधानसभा और हाईकोर्ट को भी मिल रही धमकियां

जयपुर के लिए बम की धमकी कोई नई बात नहीं है। पिछले कुछ महीनों में जयपुर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों, एयरपोर्ट और होटलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। यहां तक कि विधानसभा और हाईकोर्ट समेत, राजस्थान के कई जिलों के कलेक्ट्रेट और अदालतों को बम धमाके की धमकी दी जा रही है लेकिन अभी तक कोई आरोपी पकड़ में नहीं आया है। अब इस आरोपी के पकड़ में आने के बाद इन धमकियों से जुड़े सवाल भी पूछे जा सकते हैं। फिलहाल, SMS अस्पताल में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और चिकित्सा सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी से कड़ी पूछताछ की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी शरारत या साजिश करने वालों को कड़ा सबक मिल सके।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.