Hanumangarh: SBI बैंक में किरोड़ी लाल मीणा ने लगाई अधिकारियों की क्लास, फर्जी बीमा क्लेम पर हल्ला बोल

Kirodi Lal Meena: हनुमानगढ़ के पल्लू में SBI बैंक शाखा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा अचानक बैंक पहुंच गए और सीधा अधिकारियों के केबिन में जाकर किसानों के फसल बीमा क्लेम की फाइलें देखने लगे। किरोड़ी के तेवर देखकर तो अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। यहां पर फसल बीमा में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया।
66 फर्जी किसानों को ऋणी बताया गया
किरोड़ी लाल मीणा ने बैंक में कहा कि यहां पर फसल बीमा में बड़े फर्जीवाड़े की गंभीर शिकायत सामने आई हैं। जांच में पता चला कि 66 फर्जी किसानों के खाते खोलकर उन्हें ऋणी बताया गया है और करीब 9 करोड़ रुपये का फर्जी फसल बीमा क्लेम तैयार किया गया। बताया जा रहा है कि ये राशि इसी हफ्ते निकाली जाने वाली थी, लेकिन समय रहते पूरे मामले का खुलासा हो गया।
अन्नदाता के नाम पर लूट बर्दाश्त नहीं
किरोड़ी लाल मीणा ने सख्त लहजे में कहा कि अन्नदाता के नाम पर भ्रष्टाचार और लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं। दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
किरोड़ी मीणा ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। किसानों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस लिंक को शेयर करें

