होम/news/kirodi-lal-mena-raid-on-fertilizer-seed-companies-in-jodhpur

गहलोत के गढ़ में किरोड़ी ने दिखाया रौद्र रूप, खाद्य-बीज कंपनियों पर डाली रेड

गहलोत के गढ़ में किरोड़ी ने दिखाया रौद्र रूप, खाद्य-बीज कंपनियों पर डाली रेड
राजस्थान
27 May 2026, 03:37 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

Kirodi Lal Meena in Jodhpur: राजस्थान की सियासत में 'बाबा' के नाम से मशहूर और सरकार के सबसे एक्टिव मंत्रियों में शुमार-डॉ. किरोड़ी लाल मीणा एक बार फिर अपने चिर-परिचित अंदाज़ में लौट आए हैं। यहां ना कोई सायरन बजा, ना कोई प्रोटोकॉल दिखा। मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने आंधी-तूफान की तरह मैदान में उतरे और अधिकारी-मुनाफाखोरों के होश उड़ा दिए।

दरअसल किरोड़ी लाल मीणा ने जोधपुर में मुनाफाखोरों के खिलाफ रेड डाली। वही जोधपुर, जो पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) का गढ़ माना जाता है। मानसून का सीजन सिर पर है, किसान खेतों में उतरने की तैयारी कर रहे हैं और उधर मिलावटखोर अपनी तिजोरियां भरने का प्लान बना रहे थे लेकिन उन्हें क्या पता था कि खुद कृषि मंत्री उनके 'सिंडिकेट' को ध्वस्त करने का पूरा प्लान बनाकर आ रहे हैं।

औचक निरीक्षण से पसीना-पसीना हो गए अधिकारी

बुधवार सुबह जोधपुर के सर्किट हाउस से अचानक किरोड़ी लाल का काफिला निकला और सीधे जा पहुंचा मंडोर स्थित वेयरहाउस। वहां पहुंचते ही उन्होंने ना आव देखा ना ताव, सीधे खाद और बीज के स्टॉक का निरीक्षण शुरू कर दिया।

अधिकारी पसीने-पसीने हो रहे थे और मंत्री जी एक-एक रजिस्टर के पन्ने पलटकर 'कच्चे-चिट्ठे' खंगाल रहे थे। मंडोर से निकले तो सुबह के करीब 10:30 बज रहे थे। इसके बाद किरोड़ी का काफिला बालसमंद, सूरसागर चोपड़ और गोलासनी होते हुए चौखा की तरफ हवा की रफ्तार से बढ़ गया।

फिर किरोड़ी का काफिला रुका जोधपुर के बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र में। यहां उन्होंने तीन अलग-अलग फैक्ट्रियों के साथ-साथ 'बालाजी मूंगफली फैक्ट्री' पर अचानक छापा मार दिया! अब आप सोचिए, जो मुनाफाखोर आराम से बैठकर मुनाफे का गणित लगा रहे थे, सामने सीधे सूबे के कृषि मंत्री को खड़ा देखकर उनके तो पैरों तले जमीन ही खिसक गई! फैक्ट्रियों में ऐसा हड़कंप मचा कि लोग बगलें झांकने लगे।

ये भी पढ़ें- सीकर में नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़! सरस-लोटस स्टिकर लगाकर बेचा जा रहा पाम ऑयल से बना घी

किसानों को परेशान किया तो बख्शेंगे नहीं किरोड़ी

किरोड़ी लाल मीणा का यह 'एक्शन मोड' कोई नया नहीं है। बाबा जब-जब फील्ड में उतरते हैं, माफियाओं के पसीने छूट जाते हैं। आपको याद दिला दें कि अभी पिछले ही दिन इन्होंने जयपुर के चौमू में बड़ी कार्रवाई की थी। वहीँ अजमेर के किशनगढ़ में तो किरोड़ी 'टैंपो' में बैठकर खुद नकली खाद की फैक्ट्रियों को सील करने पहुंच गए थे। इसके अलावा श्रीगंगानगर और सांचौर में भी नकली बीज और प्रतिबंधित बायोस्टिमुलेंट खाद बनाने वालों पर बाबा का डंडा जमकर चला है।

साफ है कि मानसून सीजन से ठीक पहले, राजस्थान के भोले-भाले किसानों को नकली खाद-बीज बेचकर ठगने वाली कंपनियों के खिलाफ यह एक बहुत बड़ा और कड़ा संदेश है।

कृषि मंत्री ने साफ कर दिया है कि किसानों के पसीने की कमाई पर डाका डालने वाले मुनाफाखोरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अब देखना ये है कि जोधपुर के इस औचक निरीक्षण के बाद कौन-कौन सी बड़ी मछलियां जाल में फंसती हैं और विभाग आगे क्या एक्शन लेता है।

ये भी पढ़ें- भैराणा धाम में बेनीवाल की कूच तो भाटी ने आने से किया इनकार, संतों की आज महापंचायत


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.