Bhajan Lal Government: ये नेता बन सकते हैं भजनलाल सरकार में मंत्री, कई दिग्गजों की हो सकती है छुट्टी

Rajasthan cabinet expansion: दो सालों से राजस्थान की सरकार को जिस पल का इंतजार था, वो शायद अब जल्द ही आने वाला है। दरअसल बीते रविवार को भजनलाल शर्मा ने बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मुलाकात की थी। इसमें उन्होंने हाल के 5 राज्यों में चुनाव नतीजों पर बात की फिर मंत्रिमंडल विस्तार पर लंबी चर्चा की। जिसके बाद से अटकलें लगाई जाने लगीं है कि अब जल्द ही खाली पड़े 6 मंत्रियों के पद को भरा जा सकता है।
30 में से 6 मंत्रियों के खाली हैं पद
राज्य सरकार में कुल 30 मंत्री बनाए जा सकते हैं, लेकिन फिलहाल सिर्फ 24 मंत्री ही कार्यरत हैं, जिससे 6 पद खाली हैं। इन खाली पदों को भरने की संभावना को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और रणनीतिक समीकरणों को बनना तेज हो गया है। अभी 12 कैबिनेट मंत्री हैं। स्वतंत्र प्रभार वाले 4 राज्य मंत्री हैं और 5 राज्य मंत्री हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार का फैसला राजनीतिक संतुलन बनाने और जातीय-क्षेत्रीय समीकरण को बैलेंस करने के मकसद से लिया जा सकता है। मौजूदा टीम में खाली जगहों को भरने के साथ ही कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की भी संभावना है, ताकि टीम की जवाबदेही और प्रभावशीलता बनी रहे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ये विस्तार आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों, आंतरिक पार्टी संतुलन और बीजेपी के संगठनात्मक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। अभी तक राज्य सरकार की तरफ से इस प्रक्रिया का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन चर्चा है कि ये बहुत जल्द सार्वजनिक तौर पर सामने आएगी।
वसुंधरा गुट को मिलेगा मौका
इसमें भी सबसे ज्यादा चर्चा इस बात पर है कि वसुंधरा राजे गुट के नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। जिससे पार्टी में जो गुटबाजी की सुगबुगाहट आती रही है उसे दूर किया जा सके। साथ ही क्षेत्रीय और जातीय प्रतिनिधित्व को भी साधा जा सके। वहीं कुछ अनुभवी नेताओं के विभाग बदलने और नए चेहरों को मौका दिए जाने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं। जिसमें चिकित्सा विभाग, PWD विभाग, UDH मंत्रालय, परिवहन विभाग जैसे बड़े महकमे शामिल हैं।
अभी चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर हैं, PWD मंत्रालय अभी डिप्टी सीएम दीया कुमारी के पास है। विस्तार के बाद ये विभाग किसी नए मंत्री को सौंपा जा सकता है। UDH विभाग को झाबर सिंह खर्रा संभाल रहे हैं। वहीं परिवहन विभाग भी डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा संभाल रहे हैं। इसे भी नए चेहरे को दिया जा सकता है।
इस लिंक को शेयर करें

