राजस्थान में गर्मी से अभी नहीं मिलेगी राहत, IMD ने जारी किया लू का अलर्ट, पढ़ें मौसम का पूरा हाल

Rajasthan heatwave alert: राजस्थान के लोगों को अगले कुछ दिन लू और गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। राजधानी जयपुर में सुबह से ही तेज धूप और लू के थपेड़ों से आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कामकाजी लोगों को सुबह से तीखी गर्मी झेलनी पड़ रही है। वहीं आम मजदूरों का हाल भी बेहाल है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया है। सरहदी जिलों बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर में शनिवार को लू से लोग परेशान दिखे। फिलहाल इससे लोगों को राहत भी नहीं मिलने वाली है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और बाड़मेर जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 11 मई यानी कल भी इन जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट है। हालांकि उत्तरी राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, चूरू, जयपुर और झुंझुनूं में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 12 मई को गंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। जबकि सरहदी जिलों में लू की चेतावनी जारी की है।
बाड़मेर-जालौर रहे सबसे गर्म
बात करें शनिवार के मौसम की तो प्रदेश में बाड़मेर सबसे गर्म जिला रहा। बाड़मेर में शनिवार को अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया। वहीं फलोदी में 44.8 डिग्री, जैसलमेर में 45 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। इसके अलावा प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा। जिसमें जालोर में 41.1 डिग्री, गंगानगर में 41 डिग्री, जोधपुर में 43.9 डिग्री, उदयपुर में 41 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया। वहीं बात करें न्यूनतम तापमान की तो जालोर रात में सबसे अधिक गर्म रहा। यहां न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया।
जयपुर में उमस ने किया बेहाल
राजधानी जयपुर में शनिवार को दिनभर तेज धूप रही। इसके साथ तेज हवा भी थी। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया। हालांकि शाम होते-होते यह हवा बंद हो गई ऐसे में लोगों को उमस और गर्मी ने काफी परेशान किया। हालांकि मौसम विभाग ने मंगलवार को बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अगर बारिश होती है तो लोगों को काफी राहत मिलेगी।
इस लिंक को शेयर करें

