स्कूल लेक्चरर भर्ती परीक्षा के लिए रेलवे की सौगात, अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल ट्रेन शुरू

राजस्थान में 31 मई से शुरू होने वाली स्कूल लेक्चरर भर्ती परीक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए एक विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह स्पेशल ट्रेन 31 मई से रेवाड़ी से जयपुर तक के लिए चलाई जाएगी। इसके साथ ही, एक अन्य रेवाड़ी-सीकर-रेवाड़ी ट्रेन के रूट को भी अस्थायी तौर पर परीक्षा होने तक ढेहर के बालाजी तक बढ़ा दिया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे कार्यालय ने बताया कि भर्ती परीक्षा के दौरान बड़ी तादाद में अभ्यर्थी ट्रेन से सफ़र करते हैं। इससे दूसरी ट्रेनों पर लोड पड़ता है। अभ्यर्थियों की आवाजाही और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्पेशल ट्रेन को शुरू किया गया है। इस स्पेशल ट्रेन और अन्य ट्रेनों के रूट के विस्तार से राजस्थान राज्य के कई अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुँचने में किफ़ायत रहेगी।
कौन-सी ट्रेन कब चलेगी
सबसे पहले 31 मई से 3 जून तक ट्रेन नं. 09727 एग्जाम स्पेशल जयपुर-रेवाड़ी चार ट्रिप में चलेगी। 31 मई को शाम 7:10 बजे ट्रेन जयपुर से शुरू होकर रात के 12:50 पर रेवाड़ी पहुंचेगी। इसी के साथ ही ट्रेन नं. 09728 भी उसी जयपुर-रेवाड़ी रूट पर 01 जून से 04 जून तक चार ट्रिप्स में चलेगी। ये दोनों ट्रेनें जयपुर से शुरू होकर जयपुर गांधीनगर, गैटोर जगतपुरा, खातीपुरा, बस्सी, दौसा, बांदीकुई, बसवा, राजगढ़, मालाखेडा, अलवर और खैरथल स्टेशन से गुज़रेगी।
इसके अलावा ट्रेन नं. 54803 और 54804 सीकर-रेवाड़ी-सीकर का रूट भी कुछ समय तक के लिए बढाकर ढेहर का बालाजी तक कर दिया गया है। ट्रेन 54804 31 मई से 4 जून तक चलेगी। इस दौरान ट्रेन दोपहर 03:10 बजे रेवाड़ी से रवाना होकर रात 11 बजे ढेहर का बालाजी पहुंचेगी। ट्रेन 54803 1 जून से 5 जून तक चलेगी और सुबह 4:35 पर ढेहर का बालाजी से रवाना होकर दोपहर 12:30 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
इस लिंक को शेयर करें

