सोनम वांगचुक के आंदोलन पर बोले बालमुकुंदाचार्य, "देश विरोधी गतिविधियां स्वीकार नहीं"

Balmukundacharya reaction on Sonam Wangchuk Protest: 21 दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रही सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को लेकर राजस्थान के BJP विधायक बालमुकुंदाचार्य की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करना जनता का अधिकार है, लेकिन वहां पर जिस तरह की गतिविधियाँ चल रही है, जो देश विरोधी नारे लगाए जा रहे हैं और हमारे भगवान राम को लेकर जिस तरह की टिप्पणियां की जा रहीं हैं, वे बिलकुल सही नहीं है।
सबको प्रदर्शन का हक़ है
बालमुकुंदाचार्य ने कहा कि देश के हर नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन आप भी देख रहे हैं कि वहां क्या-क्या हो रहा है। आंदोलन के दौरान ऐसे भी लोग आए हैं, जो माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदर्शन में देश विरोधी नारे लगाए जा रहे हैं और भगवान राम तथा मां जानकी जी का अपमान किया जा रहा है, जो बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने कहा - कुछ तत्व पर्यावरण को ख़राब करने वाले कॉकरोच की तरह आते हैं, जो देश की एकता को नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
बता दें कि सोनम वांगचुक पिछले 21 दिनों से भूख हड़ताल पर थे, जिसके चलते उनका वजन करीब 10 किलो कम हो गया। शनिवार को दिल्ली पुलिस ने उन्हें कोर्ट के आदेश पर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया है। दिल्ली हाईकोर्ट में रविवार को उनकी सेहत को लेकर सुनवाई हुई, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें अस्पताल में सेहत को मॉनिटर करने का आदेश दिया था।
फ़िलहाल तो विधायक बालमुकुंदाचार्य के बयान ने इस मुद्दे पर एक नई तरह की बहस छेड़ दी है।
इस लिंक को शेयर करें

