होम/politics/bhajanlal-sharma-reply-ashok-gehlot-rajasthan-civic-election-2026

गहलोत के आरोपों पर CM भजनलाल का पलटवार, बोले- 'अपने कर्मों को दोष दें, जनता-प्रशासन को नहीं

गहलोत के आरोपों पर CM भजनलाल का पलटवार, बोले- 'अपने कर्मों को दोष दें, जनता-प्रशासन को नहीं
राजनीति
24 Sept 2026, 04:08 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

जयपुर। राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव के नतीजों के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। गहलोत ने निकाय चुनाव में बीजेपी पर प्रशासनिक मशीनरी के इस्तेमाल, वार्डों के परिसीमन और मुख्यमंत्री के चुनावी रोड शो को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहलोत के आरोपों पर पलटवार किया है।

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि गहलोत को अपने कार्यकाल के दौरान किए गए फैसलों पर भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गहलोत की सरकार थी, तब दो नगर निगमों को एक क्यों किया गया था? मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव से एक साल पहले वार्ड बनाए गए और चुनाव हारने के बाद अब वार्डों के गठन पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

'आप अपने समय के वार्ड निकालिए, हमारे समय के वार्ड निकालिए'

भजनलाल शर्मा ने कहा कि गहलोत के बयानों में समय के साथ बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि गहलोत को अपने कार्यकाल के वार्डों और मौजूदा सरकार के समय बने वार्डों की तुलना करनी चाहिए।

CM ने यह भी कहा कि पहले मुख्यमंत्री के रोड शो पर सवाल उठाए गए और बाद में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रोड शो नहीं करने को लेकर सवाल खड़े किए गए। भजनलाल ने तंज कसते हुए कहा कि "आपका गुस्सा PCC चीफ पर है तो उसे डायवर्ट क्यों करना चाहते हैं।"

दरअसल, निकाय चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के कई शहरों में रोड शो किए थे। गहलोत ने इसे लेकर कहा था कि स्थानीय निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री को इतने बड़े स्तर पर प्रचार करने की जरूरत पड़ना सरकार की स्थिति पर सवाल खड़ा करता है।

'वार्ड हार गए तो इसकी गलती किसकी?'

भजनलाल शर्मा ने गहलोत पर चुनावी हार की जिम्मेदारी प्रशासन पर डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर कोई नेता अपना वार्ड हार जाता है तो इसकी जिम्मेदारी भी उसे लेनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि "आप जनता पर दोष मत दीजिए, प्रशासन पर दोष मत दीजिए, अपने कर्मों पर दोष दीजिए।" उन्होंने कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर भी टिप्पणी की और कहा कि बीजेपी को राजस्थान की जनता का प्यार, दुलार और विश्वास मिल रहा है।

बीकानेर का उदाहरण देकर गहलोत को घेरा

मुख्यमंत्री ने बीकानेर का उदाहरण देते हुए गहलोत से वहां कांग्रेस के प्रदर्शन और वोटों के बारे में सवाल किया। उन्होंने कहा कि ये भी देखना चाहिए कि जनता ने किसे और क्यों समर्थन दिया।

गौरतलब है कि हालिया निकाय चुनाव में बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस के अनिल कल्ला महापौर चुने गए हैं। बीकानेर उन प्रमुख नगर निगमों में रहा जहां कांग्रेस ने जीत दर्ज की।

2018 में BSP विधायकों के कांग्रेस में विलय का मुद्दा उठाया

भजनलाल शर्मा ने गहलोत के सामने कांग्रेस के पिछले कार्यकाल का भी मुद्दा रखा। उन्होंने कहा कि 2018 के बाद बहुजन समाज पार्टी (BSP) के विधायकों को कांग्रेस में शामिल किए जाने को भी याद करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लगातार दो बार BSP विधायकों को अपने साथ मिलाया। वो आपको याद नहीं है क्या? क्या-क्या किया आपने बसपा के साथ।

'बेटों की लॉन्चिंग में लगे सोनिया गांधी और अशोक गहलोत’

भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस नेतृत्व पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि गहलोत को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए तंज किया कि राहुल गांधी को कितनी बार लॉन्च करेंगे। सोनिया गांधी और अशोक गहलोत अपने बेटों की लॉन्चिंग में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी टिप्पणी की और कहा कि पार्टी देश के कुछ ही राज्यों में सत्ता में है तथा भविष्य को लेकर भी उसे आत्ममंथन करना चाहिए।

निकाय चुनाव के बाद क्यों तेज हुई बयानबाजी?

राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला हुआ। महापौर और सभापति चुनावों में बीजेपी ने कई बड़े निकायों में जीत दर्ज की, जबकि बीकानेर में कांग्रेस अपना बोर्ड बनाने में सफल रही। बता दें कि बीजेपी ने 7 में से 6 नगर निगमों के महापौर चुनाव जीते। इसी चुनावी नतीजे के बाद गहलोत ने बीजेपी पर पुलिस, प्रशासन और धनबल के इस्तेमाल के आरोप लगाए थे। बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज किया है।

अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जवाब से साफ है कि निकाय चुनाव का राजनीतिक विवाद नतीजों के बाद भी थमने वाला नहीं है। एक तरफ गहलोत चुनाव प्रक्रिया और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री पुराने कांग्रेस शासन के फैसलों और मौजूदा चुनावी प्रदर्शन को लेकर पलटवार कर रहे हैं।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.