होम/politics/gayatri-bishnoi-sukhpal-khaira-controversy-sachin-pilot-aap-rajasthan

राजस्थान की AAP नेता गायत्री बिश्नोई पर पंजाब कांग्रेस का संगीन आरोप, पार्टी ने सचिन पायलट से मांगा जवाब

राजस्थान की AAP नेता गायत्री बिश्नोई पर पंजाब कांग्रेस का संगीन आरोप, पार्टी ने सचिन पायलट से मांगा जवाब
राजनीति
27 Sept 2026, 05:43 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

राजस्थान की बेटी और आम आदमी पार्टी की नेता गायत्री बिश्नोई इन दिनों पंजाब की सियासत के केंद्र में हैं। कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा के आरोपों के बाद गायत्री बिश्नोई ने उन्हें कोर्ट तक ले जाने और जेल भिजवाने की बात कही है। मामला सिर्फ गायत्री बिश्नोई और सुखपाल खैरा के बीच जुबानी जंग का नहीं है। इसमें मनीष सिसोदिया, पंजाब सरकार के सरकारी बंगले, शिरोमणि अकाली दल और अब राजस्थान से सचिन पायलट का नाम भी जुड़ गया है।

क्या है ये पूरा विवाद?

दरअसल सुखपाल सिंह खैरा ने सोशल मीडिया पर पंजाब में सरकारी आवासों के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए। खैरा का दावा है कि सेक्टर-39 का सरकारी आवास नंबर 960 पंजाब के मंत्री रवजोत सिंह को आवंटित है, लेकिन वहां मनीष सिसोदिया के रहने और गतिविधियां होने को लेकर सवाल खड़े होते हैं। लेकिन इसी के बगल में आवास नंबर 961 में स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह रहते हैं, जहां इन दिनों गायत्री बिश्नोई अपने माता-पिता के साथ रह रही हैं। इसी सिलसिले में खैरा ने गायत्री बिश्नोई का नाम लेते हुए उनके और सिसोदिया के साथ रहने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने सिसोदिया से पूछा कि सरकारी आवास में कौन रह रहा है और वहां उनकी क्या भूमिका है। ये सभी दावे फिलहाल खैरा के आरोप हैं।

गायत्री ने वीडियो जारी कर जवाब दिया

सुखपाल सिंह खैरा के इन आरोपों और सवालों पर गायत्री बिश्नोई ने फिर वीडियो जारी किया और कहा कि वो अपने माता-पिता के साथ पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के सरकारी आवास में रह रही हैं। उनका कहना है कि उनके पिता को हार्ट की समस्या है और यहां पर उनका इलाज चल रहा है और इसी वजह से वो पंजाब में हैं।गायत्री ने वीडियो में अपने माता-पिता को भी दिखाया और खैरा के आरोपों को अपने चरित्र पर हमला बताया। इसके बाद उन्होंने खैरा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद गायत्री के इस वीडियो पर खैरा ने भी फिर पलटवार करते हुए गायत्री की भाषा को असंसदीय और अभद्र बताया और अपने सवाल दोहराए।

शिरोमणि अकाली दल ने भी उठाए AAP पर सवाल

इस मामले में शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी सरकारी बंगले के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि सरकारी आवास किसे आवंटित है, वहां कौन रह रहा है और बिजली-पानी जैसे खर्च कौन उठा रहा है। यानी अब सवाल सिर्फ राजनीतिक आरोपों तक सीमित नहीं, बल्कि सरकारी संपत्ति के इस्तेमाल तक पहुंच गया है।

कौन हैं गायत्री राठौड़

गायत्री बिश्नोई राजस्थान के बाड़मेर की रहने वाली हैं और आम आदमी पार्टी की राजस्थान महिला विंग की अध्यक्ष भी हैं। पंजाब में उन्हें पार्टी की संगठनात्मक जिम्मेदारी मिली हुई है। इसी वजह से आम आदमी पार्टी राजस्थान ने इस पूरे विवाद को राजस्थान से जोड़ते हुए कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट से जवाब मांगने की बात कही है।

सचिन पायलट क्या देंगे जवाब?

तो पंजाब का ये विवाद राजस्थान तक पहुंच चुका है। एक तरफ राजस्थान की बेटी गायत्री बिश्नोई कानूनी कार्रवाई की बात कर रही हैं, दूसरी तरफ कांग्रेस के सुखपाल खैरा अपने आरोपों पर कायम हैं और अब आम आदमी पार्टी सचिन पायलट से जवाब मांग रही है। तो पायलट इस पर जवाब कब और क्या देते हैं- इस पर भी नजर बनी हुई है। यानी सवाल सिर्फ बंगले का नहीं रहा- अब सवाल सियासी जिम्मेदारी, बयानबाजी की सीमा और राजस्थान बनाम पंजाब की राजनीति तक पहुंच गया है।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.