जयपुर कमिश्नरेट में डोटासरा चोटिल, जूली ने लगाई दवा,पत्रकारों पर लाठी बरसाने का भी आरोप

Jaipur Commissionerate Congress Protest: राजस्थान कांग्रेस का जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में चल रहा धरना बुधवार को भी जारी है। रितु बराला मामले में जीरो FIR दर्ज कराने की मांग के बीच अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के चोटिल होने और पत्रकारों पर कथित लाठीचार्ज को लेकर विवाद बढ़ गया है। डोटासरा के चोटिल होने का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली उनके पैर की मालिश करते नजर आ रहे हैं।
कमिश्नरेट में फिसल गए थे डोटासरा
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह कमिश्नरेट परिसर में फिसलने से डोटासरा के पैर के पंजे में चोट लग गई। इसके बाद जूली उनके पैर की मालिश करते दिखाई दिए। लगातार तीसरे दिन धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं के बीच इस घटनाक्रम का वीडियो चर्चा में है। चोट लगने के बावजूद कांग्रेस नेताओं ने धरना खत्म करने के संकेत नहीं दिए हैं।
इससे पहले मंगलवार देर रात कमिश्नरेट के बाहर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हुआ था। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर सामने आई। एक कार्यकर्ता को सिर में चोट लगने के बाद अस्पताल ले जाने की जानकारी भी सामने आई।
पत्रकारों पर भी लाठीचार्ज का दावा
मंगलवार रात के घटनाक्रम को लेकर ये दावा भी किया जा रहा है कि पुलिस ने कवरेज कर रहे कई पत्रकारों पर लाठियां चलाईं। बता दें कि पूरा विवाद NSUI की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला के साथ दिल्ली में कथित मारपीट के मामले से जुड़ा है। कांग्रेस जयपुर में जीरो FIR दर्ज करने की मांग पर अड़ी है, जबकि पुलिस का कहना है कि दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने में इस मामले से संबंधित शिकायत पहले से दर्ज है और जांच जारी है।फिलहाल जयपुर कमिश्नरेट में तनाव बना हुआ है। कांग्रेस का कहना है कि FIR दर्ज होने तक उसका आंदोलन जारी रहेगा।
इस लिंक को शेयर करें

