मोदी ने फिर की सोना नहीं खरीदने की अपील! GDP ग्रोथ 7.8% होने पर दी बधाई, कहा - स्वदेशी अपनाइए

Narendra Modi Gold Appeal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की GDP ग्रोथ रेट 7.8 प्रतिशत पर देशवासियों को बधाई दी और साथ ही एक बार फिर से देशवासियों से सोना नहीं खरीदने की अपील की। नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को एक वीडियो जारी कर संदेश देते हुए कहा कि यह उपलब्धि देश के लोगों की मेहनत, इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास की वजह से ही हासिल हुई है।
मोदी ने कहा कि कुछ लोग देश में निराशा फ़ैलाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश में लगे हुए हैं। बावजूद इसके भारत ने कई सारी चुनौतियाँ पार कर यह तेज विकास दर हासिल की है और अब इस रफ्तार को बनाए रखना जरूरी है।
सोना कम खरीदो और स्वदेशी अपनाओ – मोदी
बधाई देने के साथ ही, मोदी ने लोगों से स्वदेशी चीज़ें खरीदने और भारत को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें बेवजह विदेश में यात्रा करने, दूसरे देशों में शादी करने से बचना होगा। भारत के लोगों को मेक इन इंडिया के मन्त्र के साथ आगे बढ़ना होगा। साथ ही कहा कि अगर ज़रुरत नहीं हो, तो हमें सोना भी नहीं खरीदना चाहिए।
इससे रुपये को मजबूती मिल सकती है
नरेन्द्र मोदी का कहना है कि सोने की खरीद कम होने से इम्पोर्ट पर निर्भरता कम हो सकती है। सोने के मामले में भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से खरीदता है, जिसके लिए डॉलर में लेनदेन करना पड़ता है। ऐसे में इम्पोर्ट कम होने से विदेशी मुद्रा पर दबाव घट सकता है और रुपए को मजबूती मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जितना ज्यादा जोर दिया जाएगा, हमारी अर्थव्यवस्था उतनी ही मजबूत होगी। मोदी ने भरोसा जताया कि आजादी के 100 साल पूरे होने तक देश की युवा पीढ़ी के सामने एक विकसित भारत खड़ा करने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
इस लिंक को शेयर करें

