निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस का नया फॉर्मूला! अब Online Portal से मिलेगा चुनाव का टिकट

Rajasthan Congress Online Portal for Local Body Election Ticket: राजस्थान में नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों की तारीख की घोषणा हो चुकी है और इस बार कांग्रेस पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों के लिए एक बड़ा ही ख़ास तरह का बदलाव किया है। इस बार कांग्रेस पार्टी निकाय चुनाव में उम्मीदवारों को टिकट देने के लिए पुराने सिफारिशी तरीके को खत्म करने का फैसला लिया है। इसकी जगह पर टिकट की दावेदारी के लिए एक खास ऑनलाइन आवेदन पोर्टल लॉन्च किया जाएगा। अगर किसी भी व्यक्ति को आगामी चुनाव में कांग्रेस की तरफ से खड़ा होना है, तो उसे इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी दावेदारी पेश करनी होगी।
हालाँकि, दावेदारी करना इतना भी आसान नहीं होगा। इस नए सिस्टम में दावेदारी के लिए पार्टी ने कुछ सख्त नियम भी लागू किए हैं। टिकट के लिए दावेदारी करने से पहले उम्मीदवार के पास उस इलाके के कम से कम 20 स्थानीय प्रस्तावकों का मजबूत समर्थन होना ज़रूरी है। साथ ही, उम्मीदवार का संबंधित वार्ड या क्षेत्र का मूल मतदाता होना भी जरूरी है। ऐसा नहीं होने पर उसे टिकट नहीं दिया जाएगा।
पार्टी के बड़े नेताओं का मानना है कि इस कदम से न सिर्फ टिकट देने के काम में पारदर्शिता आएगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर होने वाली गुटबाजी और "पैराशूट उम्मीदवारों" की एंट्री पर भी पूरी तरह से लगाम लग सकेगी। साथ ही, सिफारिश पर आने वाले अयोग्य उम्मीदवारों को भी कम किया जा सकेगा। इससे ज़मीनी स्तर पर पार्टी का लोगों से जुड़ाव बढेगा और पार्टी की स्थिति मज़बूत होगी।
इस बार उम्मीदवारों के फाइनल सिलेक्शन के लिए ब्लॉक और जिला स्तर की कमेटियों के जमीनी फीडबैक को मुख्य आधार रखा जाएगा, ताकि केवल ज़मीनी स्तर पर सक्रिय रूप से काम कर रहे कार्यकर्ताओं को आगे आने का मौका मिल सके।
इस लिंक को शेयर करें

