राजस्थान निकाय चुनाव को लेकर बड़ा अपडेट! दो चरणों में होगा मतदान, 13 अगस्त को खुलेगा आरक्षण का पत्ता

Rajasthan Local Body Election: राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। राजस्थान के 41 जिलों के नगर निकायों और पंचायतों में इसी महीने चुनाव और तारीखों की घोषणा हो सकती है। लेकिन तारीखों से पहले चुनाव को लेकर कुछ जानकारी आयोग ने साझा की है। शहरी निकायों के चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। फलोदी और सलूंबर में सभी नगरीय निकायों के चुनाव एक ही चरण में पूरे होंगे, जबकि बाकी 39 जिलों में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने सोमवार को सचिवालय में निकाय और पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। निकाय चुनाव के लिए करीब 18 हजार मतदान केंद्र बनाए जाने प्रस्तावित हैं।
पहले चरण में 140 नगरीय निकायों के 5,050 वार्डों के लिए 10,185 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। दूसरे चरण में 169 नगरीय निकायों के 5,195 वार्डों में चुनाव कराए जाएंगे। इसके लिए 6,280 मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं।
13 अगस्त को आरक्षण की लॉटरी
नगर निगमों में मेयर, नगर परिषदों में सभापति और नगर पालिकाओं में चेयरमैन पद के आरक्षण की लॉटरी 13 अगस्त को जयपुर स्थित स्वायत्त शासन निदेशालय में सुबह 10:30 बजे होगी। सरकार ने प्रमुख राजनीतिक दलों को भी लॉटरी प्रक्रिया में शामिल होने के लिए पत्र भेजा है।
वहीं, पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव भी चरणबद्ध तरीके से होंगे। 36 जिलों में चार चरण, 4 जिलों में दो चरण और एक जिले में एक चरण में चुनाव कराने की तैयारी है। जिला प्रमुखों के आरक्षण की लॉटरी भी 13 अगस्त को दोपहर 3 बजे जयपुर स्थित पंचायती राज संस्थान कार्यालय में होगी।
पंचायत समिति, जिला परिषद और नगरीय निकाय सदस्यों के लिए ईवीएम से मतदान होगा, जबकि ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगे।
इस लिंक को शेयर करें

