होम/politics/rajasthan-local-body-election-nathdwara-boycott-kota-tax-dues

राजस्थान निकाय चुनाव का नाथद्वारा ने किया बहिष्कार, कोटा में टैक्स बकाया पर आवेदन रद्द! कांग्रेस-BJP पर नया संकट

राजस्थान निकाय चुनाव का नाथद्वारा ने किया बहिष्कार, कोटा में टैक्स बकाया पर आवेदन रद्द! कांग्रेस-BJP पर नया संकट
राजनीति
25 Aug 2026, 03:09 pm
रिपोर्टर : Jitesh

Rajasthan Local Body Election Updates: राजस्थान में निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस, दोनों ही पार्टियाँ अपनी कमर कस चुकी हैं। इन्हीं सब तैयारियों के बीच कुछ शहरों में चुनाव के रास्ते में रुकावटें आना शुरू हो चुकी हैं। नाथद्वारा में दो वार्डों के लोगों ने चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान किया है, जबकि कोटा में निगम ने बकाया टैक्स वाले लोगों को चुनाव में खड़ा होने से रोक दिया है।

नाथद्वारा में किया चुनाव का बहिष्कार

(Nathdwara Election Boycott) राजसमंद के नाथद्वारा में वार्ड 39 और 40 के लोगों ने चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा की है। लोगों का कहना है कि लम्बे समय से लालबाग हाईवे पर अंडरपास ब्रिज का निर्माण शुरू नहीं हुआ है और काम अटका पड़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लम्बे समय से लोग अंडरपास की मांग उठा रहे हैं, लेकिन कोई काम होता नज़र नहीं आ रहा है। उनका कहना है कि ब्रिज का निर्माण शुरू नहीं होने पर पूरे वार्ड के लोग चुनाव में वोट नहीं डालेंगे।

कोटा में टैक्स बकाया होने पर रद्द होगा आवेदन

वहीं दूसरी तरफ, कोटा में चुनाव लड़ने वालों के लिए कोटा नगर निगम ने भी एक नया नियम निकाला है। निगम का कहना है कि जो भी दावेदार चुनाव में खड़ा होना चाहता है, उस पर निगम का कोई भी टैक्स बकाया नहीं होना चाहिए। उम्मीदवार पर निगम का टैक्स बकाया होने की स्थिति में उन्हें पहले नो ड्यूज सर्टिफिकेट लेना होगा। अगर वह ऐसा नहीं करता है, तो उसकी दावेदारी रद्द की जा सकती है।

इससे अलग, दोनों पार्टियाँ दावेदारों की छंटनी करने में लगी हुई है। अजमेर में बीजेपी ने 80 वार्डों के लिए आए सैकड़ों आवेदनों में से हर वार्ड में तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर लिया है और संभव है कि 25-26 अगस्त तक नामों की सूची सामने आ जाएगी।

वार्ड के अनुसार टिकट देगी कांग्रेस

कांग्रेस भी आवेदनों में से नाम छांटने में लगी हुई है। जयपुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस टिकट देने के लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देगी और जिस वार्ड का कार्यकर्ता होगा, उसे उसी वार्ड से टिकट दिया जाएगा।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.