बिना वोटिंग पूरा हुआ राजस्थान राज्यसभा चुनाव: सतीश पूनिया, अलका गुर्जर और नीरज डांगी निर्विरोध चुने गए सांसद

Rajasthan Rajya Sabha Election 2026 Result: राजस्थान में होने वाले राज्यसभा चुनाव का समय से पहले ही परिणाम घोषित हो चुका है और तीनों सीटों पर उम्मीदवारों को निर्विरोध चुन लिया गया है। एक सीट पर कांग्रेस ने नीरज डांगी (Neeraj Dangi) को प्रत्याशी उतारा था और बीजेपी ने दो सीट पर सतीश पूनिया (Satish Poonia) और अलका गुर्जर (Alka Gurjar) को। तीनों सीटों पर चुनाव 18 जून को होना था, लेकिन हर सीट पर केवल एक ही उम्मीदवार होने से कोई प्रतिस्पर्धा नहीं रही और चुनाव करवाने की ज़रुरत भी ख़त्म हो गयी। बिना चुनाव के तीनों को निर्विरोध राज्यसभा के सदस्य के रूप में चुन लिया गया।
उम्मीदवारों को सौंपा प्रमाण पत्र
राजस्थान राज्य की तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव के लिए बीजेपी ने दो सीटों पर सतीश पूनिया और अलका गुर्जर को उम्मीदवार बनाया, लेकिन इन सीटों पर कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। बची एक सीट पर कांग्रेस ने नीरज डांगी को प्रत्याशी बनाया, लेकिन इस सीट पर बीजेपी ने अपना आदमी नहीं उतारा। निर्विरोध निर्वाचित होने पर तीनों को राज्य सभा सदस्य होने के प्रमाण पत्र दिए गए।
क्या है इस चुनाव का गणित
राजस्थान विधानसभा में कुल 200 सीटें हैं। इसमें अगर राज्यसभा सीट पर चुनाव जीतना हो, तो एक उम्मीदवार को 51 वोट की ज़रुरत होगी। बीजेपी के पास 118 विधायक हैं, जो दो सीट पर जीत दर्ज करने के लिए काफी हैं, और कांग्रेस के पास 66 सीट हैं, जो 1 सीट पर जीतने के लिए काफी है। ऐसे में चुनाव का परिणाम पहले से ही साफ़ था कि दो सीटों पर बीजेपी के और एक पर कांग्रेस के प्रत्याशी की जीत होगी। ऐसे में ज्यादा उम्मीदवार उतारकर चुनावी प्रक्रिया करने में सिर्फ बेकार समय बीतता। इसलिए सीमित प्रत्याशियों के साथ चुनाव को निर्विरोध करके समय के पहले ही पूरा कर लिया गया।
सदन में राज्यसभा निर्वाचन के रिटर्निंग ऑफिसर भारत भूषण ने तीनों को राज्य सभा निर्वाचित किया। राज्यसभा में अब कांग्रेस और बीजेपी, दोनों दलों के 5-5 सांसद हैं।
इस लिंक को शेयर करें

