राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त को कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, डोटासरा बोले- बीजेपी ने पार्षदों तक की चोरी की

जयपुर में चुनाव आयोग में गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली समेत कांग्रेस नेताओं ने राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह को ज्ञापन सौंपा है। बीते दिन कांग्रेस ने जयपुर में बड़ा प्रदर्शन किया था। SIR में कथित अनियमितताओं और भारतीय चुनाव आयोग में आयुक्तों के कथित शिकायत को लेकर मामला गरमाया हुआ है।
इसके बाद गोविंद सिंह डोटासरा ने मीडिया से कहा कि लोकतंत्र की मजबूती एवं मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ आज जयपुर में राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह जी को ज्ञापन सौंपा।
निकाय चुनाव में हुई बेईमानी, मतदाता सूचियों में गड़बड़ी, SIR और वोट चोरी जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली जी व कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ निर्वाचन आयोग के सामने अपनी बात मजबूती से रखी।
भाजपा की तरफ से सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग और सत्ता के दबाव से चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का षड्यंत्र किया जा रहा है। वोट चोरी कर सत्ता हथियाई जा रही है, और जनता के जनादेश के खिलाफ जाकर सरकारें बनाई जा रही हैं।
लोकतंत्र की ऐसी लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मतदाता के अधिकार और जनादेश की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष सड़क से लेकर संवैधानिक संस्थाओं तक जारी रहेगा।
गोविंद सिंह डोटासरा ने आगे कहा कि राजस्थान के निकाय चुनावों में कुछ अधिकारियों ने भाजपा सरकार के इशारे पर चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को तार-तार करने का काम किया है। कांग्रेस के उम्मीदवारों के सिंबल समय पर नहीं लिए गए, जबकि भाजपा से जुड़े मामलों में समय बीत जाने के बाद भी देर रात तक लोगों को बुलाकर फॉर्म की कमियां दूर कराई गईं।
चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वो किसी सरकार के दबाव में नहीं, बल्कि संविधान और कानून के अनुसार निष्पक्ष रहे। निकाय चुनाव में भाजपा सरकार के इस रवैये की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, और जो भी अधिकारी या जिम्मेदार व्यक्ति चुनावी प्रक्रिया से खिलवाड़ का दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
इस लिंक को शेयर करें

